Lucknow City

फैजुल्लागंज बाढ़ : पानी निकलने के बाद भी 12 दिन तक चलेगा सफाई अभियान, नदी किनारे बंधा बनाने की तैयारी

प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लिया राहत कार्यों का जायजा, महापौर ने सभी उपलब्ध टैंकर व मोबाइल टॉयलेट लगाने के दिए निर्देश, बाढ़ से बचाव के स्थायी इंतजामों पर भी शुरू होगी पहल

लखनऊ, 16 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ जलभराव से निपटने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, खाद्य सामग्री, सफाई व स्वास्थ्य सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं, भविष्य में बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए गोमती नदी के किनारे बंधा बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

6500 घरों में बाढ़ का असर, 50 हजार लोग प्रभावित

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निरीक्षण के दौरान बताया कि गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज में करीब 6500 घर प्रभावित हुए हैं। लगभग आठ किलोमीटर के दायरे में बाढ़ का असर है, जिससे करीब 50 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। नगर निगम व प्रशासन की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं। प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय, पेयजल आपूर्ति, खाद्य सामग्री वितरण, सफाई व स्वास्थ्य सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।

दूषित पानी से बचाने के लिए टैंकरों से होगी सप्लाई

प्रभारी मंत्री ने प्रभावित बस्तियों में नियमित रूप से पानी के टैंकर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को फिलहाल समर्सिबल पंप का पानी इस्तेमाल नहीं करने की सलाह देने को कहा, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों का खतरा कम हो सके। जलभराव से प्रभावित घरों के सेप्टिक टैंकों की स्थिति का आकलन कर जरूरत के मुताबिक सक्शन मशीनों से सफाई कराने को भी कहा गया।

ये भी पढ़ें:

नालियों की सफाई के साथ कीटनाशक छिड़काव, फॉगिंग व एंटी लार्वा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से छिड़काव भी कराया जाएगा। प्रभावित बस्तियों में लोगों के आने-जाने के लिए रास्ते तैयार करने पर जोर दिया गया। भविष्य में जलभराव की समस्या कम करने के लिए इंटरलॉकिंग सड़कों सहित जरूरी सुविधाओं की योजना बनाने को कहा गया।

Advertisement

सभी टैंकर व मोबाइल टॉयलेट प्रभावित इलाकों में लगेंगे

महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि नगर निगम के सभी उपलब्ध पानी के टैंकर व मोबाइल टॉयलेट बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगाए जाएं। इससे लोगों को पेयजल व शौचालय संबंधी परेशानियों से राहत मिल सकेगी। उन्होंने जलनिकासी के साथ घरों, गलियों व सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर भी ध्यान देने को कहा।
faizullaganj-lucknow-flood-cleanliness-drive-suresh-khanna (2)

पानी निकलने के बाद 10 से 12 दिन तक चलेगा अभियान

सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों से पानी पूरी तरह निकलने में करीब एक सप्ताह लग सकता है। जलनिकासी के बाद भी अगले 10 से 12 दिनों तक सफाई, कीटनाशक छिड़काव व सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। इसका मकसद बाढ़ के बाद संक्रमण फैलने का खतरा कम करना है। उन्होंने राहत कार्यों में जुटी स्वयंसेवी संस्थाओं व सामाजिक संगठनों के प्रयासों की सराहना की।

गोमती किनारे बंधा बनाने का प्रस्ताव तैयार होगा

फैजुल्लागंज में बार-बार बाढ़ की समस्या से बचने के लिए स्थायी इंतजामों पर भी जोर दिया गया है। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे बंधा बनाने की संभावनाओं का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इसे शासन को भेजा जा सके। महापौर ने बताया कि नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं। पेयजल, खाद्य सामग्री, सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा व आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें  गैंगरेप केस में ‘नाम साफ’ कराने की कीमत 2 लाख... पुलिस चौकी में रिश्वत देते इंचार्ज अरेस्ट

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link