Lucknow CityNational

युवाओं की पहली पसंद बनी ‘सीएम युवा योजना’… इस जिले ने रचा इतिहास, यूपी दिवस पर मिलेगा सम्मान

सीएम युवा योजना में जौनपुर ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जहां लक्ष्य से ज्यादा 3,315 युवाओं को लोन दिया गया। यूपी दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जौनपुर जिले को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित करेंगे।

लखनऊ, 23 जनवरी 2026:

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान यानी सीएम युवा योजना में जौनपुर जिले ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। योजना का शत प्रतिशत लाभ देने में जौनपुर पिछले कई महीनों से प्रदेश में अव्वल बना हुआ है। यूपी दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जौनपुर जिले को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। 22 जनवरी तक की स्थिति में इस योजना में दूसरे स्थान पर आजमगढ़ और तीसरे स्थान पर हरदोई रहा है।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर

योगी सरकार प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी लक्ष्य के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार को बढावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन्हीं योजनाओं में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं की सबसे पसंदीदा योजना बनकर उभरी है। इस योजना के जरिए युवा अपने व्यवसाय के सपने पूरे कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

Untitled-design-25

प्रदेश भर में लाखों युवाओं ने किया आवेदन

वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक पूरे प्रदेश से 3 लाख 34 हजार 337 युवाओं ने लोन के लिए आवेदन किया है। इनमें से 2 लाख 81 हजार 277 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं। बैंक अब तक 1 लाख 6 हजार 772 आवेदनों को लोन की स्वीकृति दे चुके हैं, जबकि 1 लाख 3 हजार 353 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन वितरित किया जा चुका है। सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में 1.5 लाख लोन वितरण का लक्ष्य तय किया है।

जौनपुर ने लक्ष्य से ज्यादा युवाओं को दिया लाभ

जौनपुर जिले ने मुख्यमंत्री युवा योजना में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3,315 युवाओं को लोन वितरित किया है। जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि जिले को 2,500 युवाओं को लोन देने का लक्ष्य मिला था, लेकिन विशेष अभियान चलाकर इससे कहीं ज्यादा युवाओं को योजना से जोडा गया। जिले से कुल 8,240 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7,033 आवेदन बैंकों को भेजे गए। लक्ष्य के मुकाबले लोन वितरण का अनुपात 132 प्रतिशत से अधिक रहा, जिससे जौनपुर प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया।

आजमगढ़ और हरदोई का भी शानदार प्रदर्शन

आजमगढ़ जिले ने योजना में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के अनुसार, अप्रैल 2025 से पहले जिला 25वें स्थान पर था, लेकिन ब्लॉक स्तर पर लगातार वर्कशाप और बैंकर्स तथा युवाओं की काउंसिलिंग से स्थिति बदली। जिले को 2,500 लोन का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 3,219 युवाओं को लोन दिया गया और लक्ष्य पूर्ति का अनुपात 128.76 प्रतिशत रहा। वहीं हरदोई जिले ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जहां 2,628 युवाओं को लोन वितरित किया गया।

अन्य जिलों का भी बेहतर योगदान

मुख्यमंत्री युवा योजना में अंबेडकरनगर ने चौथा और झांसी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा कौशांबी, बहराइच, रायबरेली और महराजगंज का प्रदर्शन भी काफी सराहनीय रहा है। इन जिलों में भी विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड : सीएम धामी ने धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया, उत्तराखंड का लोकपर्व इगास

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link