Uttar Pradesh

बेगानी शादी में खाने के दीवाने बने एलयू के छात्र, विरोध पर बोल दिया हमला… की तोड़फोड़

लखनऊ, 3 दिसंबर 2024:

बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना… ये कहावत तो सुनी होगी। यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार रात एक शादी में खाने के दीवाने बन पहुंचे लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) के छात्रों ने रोके जाने पर जमकर हंगामा किया। समारोह में शामिल लोगों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की। फायरिंग करने के भी आरोप हैं। समारोह स्थल से सड़क तक करीब घंटे भर तक हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले। कुछ लड़के हिरासत में लिए गए हैं।

विश्वविद्यालय के नजदीक हुई घटना

यह घटना लखनऊ विश्वविद्यालय के नजदीक आईटी चौराहे से चंद कदम दूर रामाधीन इंटर कॉलेज के पास हुई, जहां लखनऊ के कैसरगंज के एक युवक की शादी का समारोह था। डिनर के दौरान पड़ोस में स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल से कुछ छात्र बिन बुलाए मेहमान की तरह खाने पहुंच गए। उन्हें किसी ने रोका तो विवाद होने लगा। उस समय वे छात्र वहां से चले गए। आरोप है कि कुछ ही देर में दर्जनों छात्र आ धमके और समारोह स्थल पर पहुंच कर हंगामा करने लगे। उन्होंने खाने के काउंटर पलट दिए। तोड़फोड़ करने लगे।

ये भी पढ़ें:

समारोह स्थल पर मच गई भगदड़

Advertisement

इस हंगामे के चलते शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो छात्र मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि उग्र छात्रों ने शादी समारोह में आए लोगों को काफी मारापीटा। बाहर निकलकर वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव किया। फायरिंग करने के भी आरोप लग रहे हैं। इस घटना में बाराती पक्ष के चार-पांच लोगों को चोटें आई हैं।

सूचना पर पहुंची दो थानों की पुलिस ने बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा और हालात काबू में किए। कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया गया। पुलिस का कहना है कि मारपीट की घटना हुई है। फायरिंग की बात से पुलिस इन्कार कर रही है।

ये भी पढ़ें  यमुना एक्सप्रेसवे पर आकार ले रहा पार्क...टॉय इंडस्ट्री के लिए 154 में से 143 प्लॉट आवंटित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link