रैन बसेरों को 24 घंटे रखें क्रियाशील: जिलाधिकारी

हरेन्द्र दुबे
गोरखपुर,4 दिसम्बर 2024 :
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बढ़ती शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने रैन बसेरों को 24 घंटे क्रियाशील रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इन रैन बसेरों में आवश्यक संसाधनों के साथ सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी के आदेश पर जनपद और तहसील स्तरीय अधिकारियों ने नगरी क्षेत्र में संचालित सभी 12 रैन बसेरों का निरीक्षण किया। नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट और तहसीलदार सदर ने औचक निरीक्षण किया और रैन बसेरों के संचालकों को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रैन बसेरों में शरण लिए हुए व्यक्तियों से वार्ता की और उन्हें आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएंगी। आगंतुको ने रैन बसेरों में दी जा रही व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।

सीसीटीवी और सुरक्षा का ध्यान रखें
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि रैन बसेरों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोए। इसके अलावा रैन बसेरों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, और स्वच्छ बिस्तर जैसी सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि शीतलहर के प्रभाव से कोई भी व्यक्ति प्रभावित न हो।






