Lucknow CityNational

Kolkata Incident के बाद UP में अलर्ट : दुर्गा पंडालों पर प्रशासन की पैनी नजर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई!

कोलकाता में 19 लोगों की मौत के बाद सीएम योगी सख्त, अग्निशमन से लेकर एंट्री-एग्जिट तक की होगी जांच, डीएम और पुलिस कप्तानों को फील्ड में उतरने के निर्देश

लखनऊ, 18 अक्टूबर 2026:

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान 19 लोगों की मौत के बाद यूपी में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस-प्रशासन को सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के सख्त निर्देश दिए हैं। साफ संदेश है कि भीड़ प्रबंधन से लेकर अग्निशमन और आपातकालीन निकास तक किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस कमिश्नरों, डीएम और एसपी को दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करने को कहा है। अधिकारियों को केवल कागजी समीक्षा तक सीमित रहने के बजाय मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल करनी होगी। खास तौर पर अग्निशमन सुरक्षा, बिजली के कनेक्शन, प्रवेश और निकास द्वारों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

एंट्री-एग्जिट से लेकर बिजली कनेक्शन तक जांच

सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि सभी पूजा पंडालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। प्रवेश और निकास द्वारों की जांच के साथ यह भी सुनिश्चित करना होगा कि आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इमरजेंसी एग्जिट उपलब्ध हों। बिजली के कनेक्शनों की सुरक्षा भी जांच होगी जिससे किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके। सीएम ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने को कहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस मामले में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई भी की जा सकती है।

21 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव, पंडालों में उमड़ रही भीड़

दरअसल, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। शहरों और कस्बों में सैकड़ों पूजा पंडाल सजाए गए हैं जहां पूजा-अर्चना और दर्शन के साथ डांडिया नृत्य, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। खासकर रात के समय भीड़ बढ़ने से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की चुनौती बढ़ जाती है।

कोलकाता की घटना के बाद यूपी के जिलों में पुलिस और प्रशासन ने पूजा पंडालों के साथ अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी है। वरिष्ठ अधिकारी खुद निरीक्षण के लिए मैदान में उतर रहे हैं। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि भीड़ को नियंत्रित रखने, सुरक्षित आवाजाही और आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम पहले से दुरुस्त रहें।

Advertisement

ये भी पढ़ें  रामलला की प्रतिष्ठा को पूरे हुए दो साल...उत्सव में बदली अयोध्या, सीएम योगी और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धालुओं को ये प्रेरणा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link