अतिक्रमण अभियान : पुछडी मुस्लिम बस्ती में गरजा बुलडोजर, 86 पक्के मकान ध्वस्त
रामनगर में वन विभाग व जिला प्रशासन की कार्रवाई, सरकारी भूमि को कराया कब्जा मुक्त, लोगों में मचा हड़कंप, कई ने खुद ही अपने मकान तोड़ने कर दिए शुरू, भारी पुलिस फोर्स रही तैनात

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 31 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रामनगर पुछडी मुस्लिम बस्ती में शनिवार सुबह अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी भारी संख्या में पुलिस फोर्स व बुलडोजर के साथ सरकारी जमीन को खाली कराने की कार्रवाई के लिए पहुंचे। वन और जिला प्रशासन की टीम ने 86 पक्के मकानों को ध्वस्त कर 14 हेक्टेयर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई लोगों ने अपने मकान खुद ही तोड़ने शुरू कर दिए थे।
माफिया ताहिर मुल्ला ने करवाए अवैध कब्जे
जिला प्रशासन ने कार्रवाई से पहले सभी कार्यवाही पूरी कर मुनादि करवा दी थी। शुक्रवार शाम को पुलिस और वन विभाग की टीम ने ब्रीफिंग कर लोगों को अतिक्रमण अभियान की जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार ताहिर मुल्ला नाम के भू-माफिया ने यूपी के मुस्लिमों को वन विभाग की जमीन बेचकर मुस्लिम पुछडी बस्ती बसा दी थी। कांग्रेस के राज्य में इसे राजनीतिक संरक्षण मिला। वन विभाग ने ताहिर मुल्ला के खिलाफ पुलिस और अपने विभाग में मामला भी दर्ज कराया था।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस फोर्स रही तैनात
नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि वन विभाग के अतिक्रमण हटाओ अभियान में किसी तरह का कोई बवाल न हो इसके लिए पुछडी बस्ती में भारी संख्या में फ़ोर्स को तैनात किया गया। भू-माफिया ताहिर मुल्ले की भी तलाश की जा रही है। नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि पूरे इलाके को 2 सुपर जोन, 7 जोन, 14 सेक्टर और 6 बैरियर में बांटा गया था। साथ ही 5 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 6 सीओ सहित 25 इंस्पेक्टर व 82 दरोगा सहित तीन कम्पनी पीएसी तैनात रही।






