Varanasi

UP POLITICS : काशी की जीत से गदगद अखिलेश, बोले- बाबा विश्वनाथ ने दिया डबल आशीर्वाद

वाराणसी न्यूज : शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव के बाद पहली बार काशी पहुंचे सपा मुखिया, क्योटो को लेकर पीएम पर कसा तंज, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर भी भाजपा को घेरा

वाराणसी, 3 नवंबर 2026:

Akhilesh Yadav : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। शिक्षक-स्नातक विधान परिषद की दोनों सीटों पर सपा की जीत के बाद पहली बार काशी पहुंचे अखिलेश ने कहा कि भाजपा की विदाई होने पर बनारस, किसान और युवा सभी मुस्कुराएंगे। उन्होंने दोनों सीटों पर पार्टी की जीत को बाबा विश्वनाथ का डबल आशीर्वाद बताया।

क्योटो के नाम पर प्रधानमंत्री पर तंज

अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि काशी को क्योटो बनाने का वादा पूरा नहीं हुआ। कम से कम क्योटो की तस्वीर ही लगा देते, आखिर वह तस्वीर क्यों नहीं लगाई गई। उन्होंने कहा कि आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी को जिताकर बाबा विश्वनाथ ने पार्टी को दोहरा आशीर्वाद दिया है। एयरपोर्ट पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद प्रिया सरोज समेत कई पार्टी नेता मौजूद रहे।

आरक्षण, पेपर लीक से लेकर मणिकर्णिका घाट तक उठाए सवाल

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने आरक्षण में गड़बड़ी, पेपर लीक, मणिकर्णिका घाट के मामले को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए समाज के लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन बुलडोजर कार्रवाई के मामले में सरकार का रवैया अलग है। उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका घाट की विरासत को मिटाने की कोशिश की गई। पाल समाज के लोगों पर लाठीचार्ज की घटना भी लोगों को याद है। अखिलेश ने दावा किया कि MLC चुनाव में जनता ने इन मुद्दों पर भाजपा को जवाब दिया है।

ये भी पढ़ें:

UP POLITICS काशी की जीत से गदगद अखिलेश, बोले- बाबा विश्वनाथ ने दिया डबल आशीर्वाद (2)

Advertisement

असली अराजकता कहां है, सरकार देखे

भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि असली अराजकता कहां है, यह सरकार को देखना चाहिए। उन्होंने बांदा में नवजात बच्चे को कुत्ते के नोचने की घटना का जिक्र किया। बरेली पहुंचे केंद्रीय मंत्री को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि उन्हें शाहजहांपुर जाकर भी हालात देखने चाहिए। लखनऊ में बैठी भाजपा सरकार केंद्र की सरकार को धोखा दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। सपा की सरकार बनने पर शहर में मेट्रो चलाने का काम किया जाएगा।

धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर फिर साधा निशाना

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी अखिलेश ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह अपने घर में केदारेश्वर मंदिर बनवा चुके हैं। बिना पूजा किए कहीं नहीं निकलते। अखिलेश ने कहा कि नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर इस तरह की बातें करना ठीक नहीं है। अब भगवान श्रीराम को लेकर भी बयान दिए जा रहे हैं, जिससे देश ही नहीं, दुनिया के लोग दुखी हैं। कोई सनातनी चुप क्यों है? एक बाबा अपमानित कर रहे हैं भगवान श्री कृष्ण को, आखिरकार सनातनी लोगों के बुलडोजर कहां चले गए।

बुनकरों की हालत पर सरकार से मांगा जवाब

अखिलेश ने काशी के बुनकरों की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने बनारस के बुनकरों की सुध क्यों नहीं ली। मां गंगा को लेकर भी उन्होंने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि सरकार ने गंगा को भुला दिया है, उनके साथ धोखा किया गया है। वाराणसी पहुंचने के बाद अखिलेश यादव ने सुंदरपुर स्थित लता कुंज में पूर्व IRS अधिकारी राजेश सिंह के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें MLC चुनाव के नतीजों, संगठन की स्थिति, आगामी रणनीति और PDA की राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा हुई।

ये भी पढ़ें  काशी में मोदी का शक्ति संदेश : महिला आरक्षण के लिए मांगा आशीर्वाद, 6,332 करोड़ की सौगात सौंपी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link