Ayodhya Deepotsav 2026 : दुनियाभर में गूंजेगी रामनगरी की भव्यता, बन रहा हाईटेक मीडिया सेंटर
अयोध्या में आज से 7 नवंबर तक दीपोत्सव का आयोजन, 7 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम, मीडिया कर्मियों के लिए कंप्यूटर, इंटरनेट से लेकर परिवहन तक की होगी व्यवस्था

अयोध्या/लखनऊ, 5 नवंबर 2026:
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के लिए सजकर तैयार है। दीपोत्सव-2026 की भव्यता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार ने हाईटेक मीडिया व्यवस्थाओं पर खास जोर दिया है। आयोजन की व्यापक और सुचारु कवरेज के लिए धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी हाईटेक मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है। यहां पत्रकारों को कंप्यूटर, प्रिंटर, स्टेशनरी, इंटरनेट समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
दीपावली के अवसर पर आज, कल और 7 नवंबर को दीपोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होगा। इसमें देश-विदेश से विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे। जिला प्रशासन के साथ मिलकर प्रदेश का सूचना विभाग मीडिया कवरेज की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए प्रवेश, कवरेज, आवागमन आदि की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही फोटो व वीडियो कवरेज और सोशल मीडिया प्रचार के लिए अलग-अलग टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें कार्यक्रम स्थलों से तस्वीरें और वीडियो तैयार कर तत्काल ऑनलाइन साझा करेंगी जिससे दीपोत्सव की हर खास झलक देश-दुनिया तक पहुंच सके।
कार्यक्रम स्थलों पर मीडिया समन्वय के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। साकेत महाविद्यालय, हेलीपैड, रामकथा पार्क, नया घाट, सरयू आरती स्थल, राम की पैड़ी और पुल पर अलग-अलग नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे। लखनऊ से पत्रकारों को अयोध्या लाने और कार्यक्रम के बाद वापस पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल निर्धारित किया गया है। सूचना विभाग ने पत्रकारों से सुरक्षा नियमों, निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास और पार्किंग संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का लक्ष्य है कि दीपोत्सव की भव्यता और रामनगरी की सांस्कृतिक छटा की कवरेज बिना किसी बाधा के व्यापक स्तर पर हो सके।






