एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 12 मई 2026:
इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे भदोही के एक किसान को एक सिरफिरे युवक ने चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। रात में हुई इस वारदात के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने करीब 16 किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक पर तलाश की। मंगलवार सुबह नगराम मोड़ रेलवे क्रॉसिंग के पास उनका क्षत-विक्षत शव मिला।
मृतक की पहचान रामशिरोमणि बिंद (64) के रूप में हुई। वह भदोही जिले के भीखनपुर, थाना सुरियावां के रहने वाले थे। परिवार के मुताबिक वह खेती-किसानी करते थे। सोमवार रात वह अपने साथी रमाकांत के साथ इंटरसिटी ट्रेन से भदोही से लखनऊ आ रहे थे।
बताया गया कि रात करीब 10 बजे निगोहां थाना क्षेत्र में नगराम मार्ग रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन में मौजूद एक युवक ने पहले रामशिरोमणि का बैग बाहर फेंक दिया। इसके बाद उन्हें भी चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। घटना के बाद बोगी में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक के बेटे दीपक ने बताया कि उनके पिता शौचालय गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो साथ सफर कर रहे रमाकांत ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान यात्रियों ने बताया कि एक युवक ने किसी बुजुर्ग को ट्रेन से नीचे फेंक दिया है। इसके बाद आशंका गहराई कि वह रामशिरोमणि ही थे।
ट्रेन के चारबाग स्टेशन पहुंचने पर मामले की सूचना जीआरपी को दी गई। इसके बाद जीआरपी और निगोहां पुलिस ने संयुक्त रूप से रेलवे ट्रैक पर सर्च अभियान चलाया। रातभर करीब 16 किलोमीटर तक तलाश की गई। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे नगराम मोड़ रेलवे क्रॉसिंग के पास शव बरामद हुआ।
आरोपी तुषार झा को गिरफ्तार कर लिया गया है। रमाकांत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। रामशिरोमणि के परिवार में तीन बेटे रामदेव, लालन और दीपक के अलावा दो बेटियां हैं।






