Lucknow City

Lucknow News: ग्रीन गैस मीटर अपडेट के नाम पर Cyber Fraud जारी, बैंक खातों से फिर उड़े 11 लाख

सितंबर माह में अभी तक चार मामलों में 49 लाख से अधिक की रकम खातों से निकली, ग्रीन गैस मीटर अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजकर हो रही ठगी, कहीं OTP तो कहीं ऐप डाउनलोड कराकर बनाया शिकार, गोमतीनगर, सरोजनीनगर के बाद मानकनगर व गोसाईगंज क्षेत्र में हुईं वारदातें

लखनऊ, 18 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में गैस मीटर अपडेट कराने के नाम पर Cyber Fraud के चार मामले सामने आ चुके हैं। सितंबर में पहले गोमतीनगर व सरोजनीनगर के बाद अब मानकनगर व गोसाईगंज क्षेत्र में करीब 11 लाख निकलने की घटना हुई है। लगभग सभी मामलों में ठगों ने एक जैसा तरीका अपनाकर लोगों को पहले गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाया, फिर WhatsApp कॉल के जरिए भरोसे में लेकर APK फाइल डाउनलोड कराई। चारों मामलों में पीड़ितों से 49 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ठगी गई। साइबर क्राइम थाने में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मानकनगर में 88 साल के बुजुर्ग से 5 लाख की ठगी

ताजे मामले में मानकनगर निवासी 88 वर्षीय शिबादास बनर्जी को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वालों ने कहा कि बताए गए तरीके से कार्रवाई नहीं करने पर उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें Meter Update.apk नाम की फाइल भेजी गई। शिबादास के मुताबिक उनकी बेटी अनुराधा ने APK फाइल पर क्लिक किया। इसके बाद WhatsApp कॉल पर ठगों के कहने पर बैंक डेबिट कार्ड की डिटेल के साथ मोबाइल पर आया OTP भी साझा कर दिया गया। 8 सितंबर को उनके Central Bank of India खाते से IMPS के जरिए 5 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन हो गया।

गोसाईगंज में ऐप डाउनलोड कराया, HDFC खाते से 5.85 लाख निकले

दूसरे मामले में गोसाईगंज क्षेत्र के निलमथा के देवलोक कॉलोनी निवासी बसंत कुमार सिंह को WhatsApp कॉल आई। कॉल करने वाले ने गैस पाइपलाइन का मीटर अपडेट करने की बात कही। इसके बाद एक ऐप डाउनलोड कराया गया। बसंत के मुताबिक ऐप डाउनलोड करने के बाद कॉल करने वाला जो निर्देश देता गया, वह उसी तरह करते गए। इससे उनका फोन हैक हो गया। कुछ ही देर बाद उनके HDFC Bank खाते से पांच बार में कुल 5,85,597 रुपये निकाल लिए गए। रकम निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने ऑनलाइन Cyber Crime Complaint दर्ज कराई।
lucknow-green-gas-meter-update-cyber-fraud-apk-file-scam (2)

ये भी पढ़ें:

सरोजनीनगर में 13 रुपये लेकर हड़पे थे 6.38 लाख

तीसरा मामला भी Green Gas Meter Update के नाम पर ठगी का हुआ था। सरोजनीनगर के कानपुर रोड इलाके में रहने वाले पवन कुमार को अनजान नंबर से कॉल कर बताया गया कि उनका ग्रीन गैस मीटर अपडेट होना है। मीटर अपडेट नहीं कराने पर गैस कनेक्शन बंद होने की बात कही गई। बातचीत के लिए WhatsApp नंबर भी दिया गया। पवन के मुताबिक करीब चार महीने से गैस का बिल नहीं आया था। इसी वजह से उन्हें कॉल करने वाले की बात सही लगी। इसके बाद उन्हें Green Gas Meter Update नाम की APK फाइल भेजी गई। फाइल खोलकर डिटेल भरने के बाद उनसे 13 रुपये मीटर अपडेट चार्ज जमा कराया गया। इसके करीब 20 मिनट के भीतर उनके खाते से लगातार 13 ट्रांजैक्शन हुए। सुबह 8:50 से 9:20 बजे के बीच कुल 6,38,767 रुपये खाते से निकल गए।

गोमतीनगर के विभूतिखंड में भी बुजुर्ग से हुई थी 31.84 लाख की ठगी

इसी तरह गोमतीनगर एल्डेको एलिगेंस, विभूति खंड निवासी 67 वर्षीय कुमोद चंद्र अग्रवाल को राहुल सिंह नाम के व्यक्ति ने WhatsApp Call की। उसने खुद को ग्रीन गैस कनेक्शन से जुड़ा बताते हुए कहा कि 10 रुपये का बिल बकाया है। बिल का भुगतान नहीं करने पर गैस कनेक्शन बंद होने की बात कही गई। आरोपी ने WhatsApp पर एक लिंक भेजे जाने की भी जानकारी दी। कुमोद चंद्र के मुताबिक शाम को मोबाइल देखने पर उन्हें पता चला कि उनके SBI के तीन खातों से रकम निकलने के लगातार 25 मैसेज आए हैं। 31.84 लाख की बड़ी रकम निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने बैंक से संपर्क कर खातों को ब्लॉक कराया और साइबर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई।

चारों मामलों में एक जैसा तरीका

इन चारों घटनाओं में ठगों ने गैस मीटर अपडेट या गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर लोगों से संपर्क किया। इसके बाद WhatsApp कॉल, APK फाइल, बैंक डिटेल या छोटी रकम जमा कराने के जरिए पीड़ित को अपने जाल में फंसाया गया। एक मामले में डेबिट कार्ड डिटेल व OTP साझा कराया गया, जबकि दूसरे में ऐप डाउनलोड कराकर फोन को निशाना बनाया गया। हालांकि गोमतीनगर निवासी वृद्ध कुमोद का कहना है कि उन्होंने फाइल ओपेन नहीं की थी। वो मोबाइल पर लिंक आने के बाद सो गए फिर शाम को फ्रॉड की जानकारी हुई।

क्या बोलते हैं एक्सपर्ट

एक्सपर्ट बताते हैं कि Cyber Fraud से बचने के लिए अनजान नंबर से आने वाली किसी APK फाइल को डाउनलोड या ओपन नहीं करना चाहिए। गैस मीटर, बिल या कनेक्शन से जुड़ी जानकारी के लिए कॉल करने वाले के नंबर पर भरोसा करने के बजाय Green Gas की आधिकारिक सेवा से खुद संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक डिटेल, कार्ड नंबर, PIN या OTP नहीं बताना चाहिए।

ये भी पढ़ें  राजस्व अदालतों में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, 5 तहसीलदार सस्पेंड, 13 अफसरों को नोटिस से मचा हड़कंप

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link