Uttarakhand

केदारताल हादसा : आठवां ट्रेकर अभी भी लापता, बर्फीले पहाड़ों में तलाश जारी, सात लोगों के मिल चुके शव

हिमस्खलन की चपेट में आने से लापता हो गए थे ट्रेकर्स, एसडीआरएफ व एनआईएम की संयुक्त टीमें चला रहीं अभियान, रेस्क्यू टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया

राजकिशोर तिवारी

उत्तरकाशी, 6 नवंबर 2026:

उत्तरकाशी के दुर्गम केदारताल ट्रेक क्षेत्र में हिमस्खलन की चपेट में आए ट्रेकर्स और उनके सहयोगी कर्मचारियों की तलाश में चल रहा अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। शुक्रवार को बचाव दल ने तीन और शव बरामद किए। इसके साथ ही हादसे में लापता आठ लोगों में से सात के शव मिल चुके हैं। बरामद शवों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। अब केवल एक व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ व नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की संयुक्त टीमें बर्फीले पहाड़ों में अभियान चला रही हैं।

शुक्रवार को सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली सूचनाओं के आधार पर बचाव दल ने लापता लोगों के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से बर्फ में दबे तीन पुरुषों के शव बरामद हुए। रेस्क्यू टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड लाया गया। इसके बाद शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

ये भी पढ़ें:

29 अक्टूबर को हिमस्खलन की चपेट में आया था दल

बता दें कि 29 अक्टूबर को केदारताल ट्रेक मार्ग पर कच्ची ढांग के पास अचानक हुए हिमस्खलन की चपेट में ट्रेकिंग दल आ गया था। इस हादसे के बाद आठ लोग लापता हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनआईएम और अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती दिनों में भारी बर्फबारी, अत्यधिक ऊंचाई, दुर्गम रास्तों और लगातार बदलते मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियां सामने आईं। अभियान के दौरान शुरुआती चरण में दो शव बरामद किए गए थे। इसके बाद तलाशी अभियान आगे बढ़ने पर दो और शव मिले। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। शुक्रवार को तीन और पुरुषों के शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या सात पहुंच गई है।

Advertisement

एक लापता की तलाश में जुटी टीमें

सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में बचाव दल लगातार अभियान चला रहा है। भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के बीच टीमें संभावित स्थानों पर तलाशी ले रही हैं। सैटेलाइट फोन से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। सात शव मिलने के बावजूद एक व्यक्ति का अब तक पता नहीं चल सका है। ऐसे में बचाव दल का पूरा ध्यान शेष लापता व्यक्ति की तलाश पर केंद्रित है।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड : BJP सांसद अनिल बलूनी लैंडस्लाइड में बाल-बाल बचे, हाईवे पर मलबा गिरने से रुका काफिला

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link