National

ओडिशा के समुद्री तट पर मिला रहस्यमय 10 फीट लंबा धातु टुकड़ा, मचा हड़कंप

बालेश्वर,24 मई 2025

ओडिशा के बालेश्वर जिले के बालीयापाल ब्लॉक स्थित चौमुख समुद्र तट पर शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब समुद्र की लहरों के साथ लगभग 10 फीट लंबा एक भारी-भरकम लोहे का टुकड़ा बहकर किनारे पर आ गया। यह टुकड़ा पहली नजर में किसी धातु संरचना या मशीन का हिस्सा प्रतीत हो रहा था। इसे देखकर स्थानीय मछुआरों और लोगों में भय और जिज्ञासा का माहौल बन गया।

 

कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि यह समुद्री नेविगेशन में दिशा तय करने वाला ‘बॉय’ (Buoy) हो सकता है, जबकि कई लोगों ने इसे किसी मिसाइल या सैन्य उपकरण का हिस्सा मान लिया। इसकी बनावट और भारी लोहे की संरचना को देखकर कुछ लोगों ने भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव से जोड़ते हुए इसे खतरनाक सैन्य वस्तु माना, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें:

 

स्थानीय मछुआरों का मानना है कि यह किसी पुराने जहाज का हिस्सा हो सकता है, जो समुद्र में टूटकर बह गया और लहरों के साथ तट पर आ पहुंचा। यह टुकड़ा पूरी तरह से जंग लगा हुआ और भारी है, जिससे माना जा रहा है कि यह लंबे समय से समुद्र में डूबा हुआ था।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उस लोहे के टुकड़े को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह क्या है और कहां से आया है, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल इसे सुरक्षित स्थान पर रखकर जांच प्रक्रिया जारी है।

 

अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह टुकड़ा किसी नेविगेशन यंत्र का हिस्सा है या फिर कोई सैन्य सामग्री। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस रहस्यमय टुकड़े ने एक बार फिर समुद्री तटों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, और स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द स्पष्टता की मांग कर रहे हैं।

 

ये भी पढ़ें  मोबाइल से कनेक्ट था कैमरा, मुम्बई में बैठे मालिक ने घर में देखे चोर…फिर पहुंची पुलिस

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button