
नई दिल्ली, 31 जुलाई 2026:
संसद परिसर का मकर द्वार शुक्रवार को उस समय राजनीतिक रंगमंच में बदल गया, जब विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में एक शॉर्ट प्ले किया। इसके जरिये सांसद पप्पू यादव दानपात्र लेकर पुजारी के भेष में बैठे, अन्य सांसदों ने चढ़ावा पात्र में डाला, पैसा जमा होते ही पप्पू यादव भागे और अवधेश प्रसाद ने उनकी गर्दन पकड़ ली। इस दौरान जमकर नारे भी लगे। पूरे शॉर्ट प्ले में कथित चढ़ावा चोरी के आरोप को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधने की कोशिश की।

दानपात्र रखकर दिखाया चढ़ावे का मामला
शार्ट प्ले की शुरुआत में विपक्षी सांसदों ने मकर द्वार की सीढ़ियों के सामने दानपात्र रखा। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी के भेष में दानपात्र के पास बैठे। राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने दानपात्र में चढ़ावा डाला, लेकिन इसके बाद पप्पू यादव ने पैसे निकालकर अपनी जेब में रख लिए। यहीं से प्रदर्शन का सबसे दिलचस्प सीन शुरू हुआ। पप्पू यादव के दानपात्र से पैसे निकालकर जेब में रखते ही वहां चढ़ावा चोर के नारे लगने लगे। अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पप्पू यादव का गला पकड़ लिया।
पप्पू यादव बोले, अयोध्या वालों ने पकड़ लिया
प्रदर्शन के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि राम मंदिर के नाम पर मिले चढ़ावे में कथित तौर पर हेराफेरी हो रही है। पैसे जेब में रखने के बाद पप्पू यादव ने भी इस पूरे दृश्य को तंज के अंदाज में आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या वालों ने पकड़ लिया, चंदा चोरी करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद प्रदर्शन में मौजूद सांसदों ने नारेबाजी की। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, डिंपल यादव समेत कई विपक्षी सांसद पीछे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम का हिस्सा बने रहे।
अमित शाह के इस्तीफे की मांग, लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। सांसदों ने सदन में उनकी गैरमौजूदगी को भी मुद्दा बनाया। मकर द्वार पर लगे बैनर में सवाल किया गया कि अमित शाह सदन से गायब क्यों हैं? प्रदर्शन के दौरान अमित शाह इस्तीफा दो, अमित शाह सदन में आओ और चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़ जैसे नारे लगाए गए। विपक्षी सांसदों का कहना था कि सरकार को राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों के साथ छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।

शुक्रवार के इस खास प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसद भी नजर आए। प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, अवधेश प्रसाद, धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव और महुआ माजी समेत कई विपक्षी सांसद प्रदर्शन में शामिल रहे।






