न्यूड वीडियो बनाकर कराता था देह व्यापार…तंग आई बीबी ने पति को बेहोश कर ले ली जान

अनमोल शर्मा
मुजफ्फरनगर, 24 जून 2025:
यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में एक महिला ने प्लान बनाकर पति को नींद की दवा खिलाई फिर बेहोश होने पर गला घोंट दिया। लाश को हॉस्पिटल लाकर कहा पति ने फांसी लगा ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर शक के घेरे में आई पत्नी ने पुलिस की पूछताछ में जुर्म कुबूल कर लिया। हत्या की वजह चौकाने वाली थी दरअसल पति उसके न्यूड वीडियो बनाकर ग्राहकों को देकर पत्नी से ही देह व्यापार कराता था। लोगों से मोटी रकम लेकर पत्नी की पिटाई भी करता इसी से आजिज पत्नी ने उसकी हत्या कर दी।

हॉस्पिटल ले जाकर बताया पति ने खुदकुशी कर ली, मृतक के भाई ने पुलिस को दी सूचना
घटना मदीना चौक क्षेत्र की हैं। यहां सलमान अपनी पत्नी शाहीन के साथ किराए के घर में रहता था। दोनों की 6 साल पहले शादी हुई थी। एक 4 साल का बेटा भी है। 21 जून को सलमान की मौत हो गई। उसने दो पड़ोसियों को बुलाकर सलमान का शव लेकर हॉस्पिटल भी गई। पत्नी शाहीन का कहना था कि सलमान ने फंदे से लटककर खुदकुशी की है। सलमान की मौत की कहानी पर उसके घर वालों को यकीन नहीं हो रहा था। भाई फैसल ने शक जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। जब रिपोर्ट आई, तो पता चला कि सलमान को गला घोंटकर मारा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, पूछताछ में पत्नी ने बताया पति का घिनौना खेल
घटना को खुदकुशी मानकर चल रही पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखकर चौंक गई। पुलिस ने शक के आधार पर शाहीन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पहले तो शाहीन पुलिस को गुमराह करती रही। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक शाहीन ने बताया कि सलमान कुछ नहीं करता था। वह उसे दूसरों के हवाले कर देह व्यापार करवाता था। उसके अश्लील वीडियो भी बनाकर दूसरे लोगों को भेजता था। ये सिलसिला तीन साल से चल रहा था। उसे यूपी के कई जिलों में ले जाकर उससे जिस्मफरोशी करवाता था। आखिरी दफा उसे मणिपुर इम्फाल भी ले जाया गया। ग्राहकों से मोटी रकम लेकर वो ऐश करता था बदले में पत्नी को जमकर पीटता भी था। कई साल से चल रहे इस घिनौने खेल की वजह से शाहीन को सलमान से नफरत हो गई थी।
कीमा में नींद की गोलियां पीसकर मिलाईं फिर दुपट्टे से गला कस दिया, पुलिस ने भेजा जेल
मजबूर होकर उसे सलमान को मारने का प्लान बनाया। 21 जून को शाहीन ने पति सलमान से पहले बहाने से नींद की गोलियां मंगाईं। इसके बाद उसने कीमा बनाया। कीमा और कोल्डड्रिंक की दावत हुई। प्लान के तहत शाहीन ने कीमा में ही नींद की गोलियां पीस कर मिलाई और सलमान को खिला दीं। जब सलमान बेहोश हो गया, तो शाहीन ने अपने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद घर वालों को बताया कि सलमान ने आत्महत्या की है। SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर नशीली दवाइयां और हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा बरामद कर लिया है। शाहीन को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।






