प्रेमिका से मिलने पहुंचा भाजपा नेता…घर वालों ने दम तोड़ने तक बरसाईं लाठियां, रात भर पड़ा रहा शव

अंबेडकरनगर, 11 अगस्त 2025 :
यूपी के अम्बेडकरनगर जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में एक भाजपा नेता की लाठियों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। भाजपा नेता अपने घर से 8 किमी दूर अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। उसे देखकर युवती के नाराज परिजनों ने हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की मां का आरोप है कि युवती ने बहाने से उसके बेटे को बुलाकर उसकी हत्या करवा दी। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर चहोड़ा गांव में आनंद कन्नौजिया रहता था। आनंद भाजपा के अनुसूचित मोर्चा का अध्यक्ष रह चुका था। बीते कई साल से उसका प्रेम प्रसंग मगनपुर महिमापुर गांव में रहने वाली एक युवती से चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज रहते थे। इसी दौरान रविवार की रात आनंद युवती से मिलने पहुंचा।
बताया गया कि रात को प्रेमिका के नाराज घरवालों ने आनंद को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात भर लाश घर के अंदर ही पड़ी रही। सुबह ग्रामीणों ने घर के अंदर खून से लथपथ लाश देखी तो चर्चा फैल गई।
इधर आनंद की मां सुशीला ने आरोप लगाया कि रविवार रात करीब 11 बजे आनंद खाना खाकर घर से निकला था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो फोन किया। लेकिन उसका फोन लगातार बंद आ रहा था। युवती ने सजिश के तहत उसे बुलाया फिर घर वालों से मिलकर उसकी हत्या करवा दी। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।






