Uttar Pradesh

UP : चर्चित पूर्व आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर और पत्नी नूतन पर धोखाधड़ी का आरोप, केस दर्ज

लखनऊ, 13 सितंबर 2025:

जनहित के मुद्दों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले यूपी के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। तालकटोरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी संजय शर्मा की तहरीर पर लखनऊ में दंपती के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वर्ष 1999 में देवरिया में एसपी रहते हुए अमिताभ ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग कर पत्नी नूतन ठाकुर के फर्जी नाम और पते से औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लॉट आवंटित कराया था। बाद में उक्त प्लॉट को असली नाम से बेचकर आर्थिक लाभ उठाया गया। एफआईआर में कहा गया है कि इसके लिए आवेदन पत्र, शपथ पत्र, ट्रेजरी चालान और ट्रांसफर डीड तक फर्जी नाम-पते से तैयार किए गए थे।

संजय शर्मा का दावा है कि देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र में धोखे से प्लॉट संख्या बी-2 नूतन इंडस्ट्रीज के नाम आवंटित कराया गया था, जिसमें बिहार के सीतामढ़ी का पता दिखाया गया। साथ ही फर्जी दस्तावेजों के जरिए राज्य सरकार और संबंधित फर्म को गुमराह किया गया। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच सीबीआई या एसआईटी से कराने की मांग की है। डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

ये भी पढ़ें:

राजनीति से प्रेरित होने का किया दावा

Advertisement

वहीं, पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि शासन में बैठे उच्च पदाधिकारियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाने और गलत कार्यों को उजागर करने के प्रतिशोध में यह मुकदमा दर्ज कराया गया है। ठाकुर दंपती का कहना है कि 25 साल पुराने सिविल मामले को आपराधिक मुकदमे का रूप देकर बदले की भावना से कार्यवाही की जा रही है। उनका कहना है कि वे जल्द ही अदालत में अपने को निर्दोष साबित करेंगे।

ये भी पढ़ें  यूपी में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: एक और पीसीएस अधिकारी सस्पेंड, SDM पर गिरी गाज

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link