EntertainmentNational

‘जाने भी दो यारों’ वाले कमिश्नर डिमेलो नहीं रहे, सतीश शाह ने ‘ये जो जिंदगी है’ में निभाए इतने किरदार

मुंबई, 25 अक्टूबर 2025:

फिल्म और टेलीविजन जगत के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की आयु में किडनी फेलियर के कारण निधन हो गया। हास्य और गंभीर दोनों तरह की भूमिकाओं में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले सतीश शाह ने शनिवार दोपहर अंतिम सांस ली।

सतीश शाह का फिल्मी सफर 1980 के दशक में ‘भगवान परशुराम’ से शुरू हुआ, लेकिन उन्हें पहली पहचान 1981 की ‘उमराव जान’ में दिलावर के किरदार से मिली। 1983 में आई ‘जाने भी दो यारों’ के कमिश्नर डिमेलो ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। उनकी कॉमिक टाइमिंग और सहज अभिनय ने उन्हें हिंदी सिनेमा का अविभाज्य हिस्सा बना दिया।

उन्होंने अपने करियर में तीनों खान शाहरुख, सलमान और आमिर के साथ काम किया। ‘हम आपके हैं कौन’, ‘अकेले हम अकेले तुम’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘चलते-चलते’ जैसी हिट फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों को मुस्कुराने पर मजबूर करते हैं।

फिल्मों के साथ-साथ सतीश शाह ने टीवी जगत में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। ‘ये जो जिंदगी है’ जैसे क्लासिक धारावाहिक में उन्होंने 56 अलग-अलग किरदार निभाकर अभिनय का नया मानदंड स्थापित किया। लेकिन असली लोकप्रियता उन्हें ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में इंदरवदन साराभाई के किरदार से मिली,। उसमें एक ऐसा पिता जो अपने व्यंग्य और हाजिरजवाबी से दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देता था।

Advertisement

इसके अलावा उन्होंने ‘घर जमाई’, ‘कॉमेडी सर्कस’ (बतौर जज, अर्चना पूरन सिंह के साथ) जैसे शोज में भी अपनी छाप छोड़ी।

सतीश शाह का अभिनय सफर केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था — उन्होंने हर किरदार में सच्चाई, ऊर्जा और आत्मा डाल दी। एक साधारण स्कूल नाटक से शुरू हुई उनकी यात्रा एफटीआईआई, पुणे तक पहुंची, और वहां से भारतीय मनोरंजन जगत की पहचान बन गई।

सतीश शाह के जाने से भारतीय सिनेमा और टीवी ने अपने सबसे बहुमुखी कलाकारों में से एक को खो दिया है। उनकी हंसी, संवाद और यादगार किरदार हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

ये भी पढ़ें  वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा के दौरान बड़ा हादसा टला, लोहे का ढांचा गिरा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link