राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति समेत 4 पर FIR, रंगदारी मांगने के साथ ये गंभीर आरोप
लखनऊ, 28 अक्टूबर 2025:
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति पर रंगदारी, अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के गंभीर आरोप लगे हैं। फतेहपुर जिले के ललौली थाने में कोर्ट के आदेश पर अंजू प्रजापति, उनके निजी सचिव अरविंद भदौरिया और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
फतेहपुर के बहुआ कस्बे की निवासी रजिया बेगम ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके सौतेले बेटे इम्तियाज खान ने उनकी दुकान हड़पने के लिए अंजू प्रजापति और उनके पीएस के साथ मिलकर धमकाने की साजिश रची।
रजिया बेगम के अनुसार 7 अगस्त को अरविंद भदौरिया ने उन्हें कमरे में बुलाकर अभद्रता की, धमकाया और सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराए। इसके अलावा उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और आयोग से नोटिस भेजने की धमकी दी तथा एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
वहीं, अंजू प्रजापति ने सभी आरोपों को सिरे से गलत और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि मामला जनसुनवाई के दौरान आया था, जिसमें आयोग की ओर से कुछ आदेश जारी किए गए थे। इस पर नाराज होकर तीन लोगों ने आयोग के खिलाफ अभद्रता की, जिसके बाद उनके विरुद्ध कार्रवाई का पत्र लिखा गया था। अंजू प्रजापति का कहना है कि अब उन्हीं लोगों ने फर्जी तथ्यों के आधार पर मेरे नाम पर मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरी तरफ पुलिस मामले की जांच कर रही है।






