लखनऊ/उन्नाव, 18 जून 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव को 570 करोड़ रुपये की सौगात दी। उन्होंने 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। ग्राम पंचायत डीह, भवानी खेड़ा चौराहा और हिंदू खेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक और नियुक्ति पत्र वितरित किए।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश और 9 वर्षों में प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने गरीबों के बजाय केवल अपने परिवारों के हितों को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना है। मेरे लिए उत्तर प्रदेश ही घर है और 25 करोड़ लोग उसके परिवार के सदस्य हैं।
योगी आदित्यनाथ ने सपा शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौर में माफिया और गुंडाराज का बोलबाला था। उन्होंने रामायण के पात्रों खर-दूषण, मारीच और सुबाहु का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सत्तापोषित माफियाओं का आतंक कुछ ऐसा ही था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल गरीबों के लिए नहीं बल्कि माफियाओं के लिए आंसू बहाते हैं।
मुख्यमंत्री ने उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य और क्रांति की भूमि बताते हुए राजा रामबख्श सिंह, वीर गुलाब सिंह लोधी सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और साहित्यकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कभी विकास में उपेक्षित महसूस करने वाला उन्नाव आज चारों दिशाओं से फोरलेन सड़कों, गंगा एक्सप्रेसवे और नए एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के लिए लगभग 700 एकड़ और औद्योगिक क्लस्टर के लिए करीब 200 एकड़ भूमि तैयार की जा चुकी है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) का हिस्सा बनाया गया है। लखनऊ-उन्नाव-कानपुर के बीच रैपिड रेल परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज गरीबों को बिना सिफारिश आवास, राशन, गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और पेंशन जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नई योजनाएं इन्हीं चार वर्गों को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे विश्वस्तरीय मानकों का उदाहरण है। उन्होंने दावा किया कि एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के मामले में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा वीर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति में बने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की क्षमता दोगुनी किए जाने की जानकारी भी दी। इस अवसर पर सांसद साक्षी महाराज, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, विधायक पंकज गुप्ता, अनिल सिंह, आशुतोष शुक्ल, बंबालाल दिवाकर, श्रीकांत कटियार, ब्रजेश रावत, एमएलसी रामचंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।






