Sports

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने चिली को दी शिकस्त, इन खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

भारत ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में चिली को 7-0 से हराकर शानदार शुरुआत की, जबकि अन्य मुकाबलों में जर्मनी, स्पेन और बेल्जियम ने एकतरफा जीत दर्ज की।

खेल डेस्क, 29 नवंबर 2025 :

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप की शुरुआत भारतीय पुरुष टीम के लिए शानदार रही। शुक्रवार को भारत ने चिली को 7-0 से हराते हुए अपने अभियान का आगाज किया। पहले ही मैच में टीम ने जिस तरह का खेल दिखाया, उसने टूर्नामेंट में आगे के मुकाबलों के लिए उत्साह और उम्मीद दोनों बढ़ा दी हैं।

मैच में भारत का एकतरफा खेल

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। टीम ने गेंद पर शानदार नियंत्रण रखा और लगातार चिली की डिफेंस पर दबाव बनाया। मैच के हीरो रहे रोशन खुजुर और दिलराज सिंह, जिन्होंने दो-दो गोल दागे और भारत को मजबूत बढ़त दिलाई।

रोशन ने 16वें और 21वें मिनट में दो बेहतरीन मैदानी गोल किए। वहीं दिलराज ने 25वें और 34वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया। दूसरे हाफ में भी भारत का जोश कम नहीं हुआ। अजीत यादव ने 35वें मिनट में भारत का पांचवां गोल दागा। इसके बाद अनमोल एक्का ने 48वें मिनट में गोल करते हुए टीम की बढ़त को और आगे बढ़ाया। मैच के आखिरी मिनट यानी 60वें मिनट में कप्तान रोहित ने एक और गोल दागकर भारत की जीत को 7-0 पर खत्म किया।

अब ओमान से होगा अगला मुकाबला

भारत अब अपने अगले पूल-बी मैच में ओमान का सामना करेगा। ये मैच टीम के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि जीत मिलने पर भारत नॉकआउट की राह और आसान कर सकता है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी चेन्नई और मदुरै कर रहे हैं। और फाइनल मुकाबला 10 दिसंबर को खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के बाकी मैच भी रहे शानदार

दूसरे मैचों में भी रोमांच भरा एक्शन देखने को मिला। गत चैंपियन जर्मनी ने दक्षिण अफ्रीका को 4-0 से हराते हुए टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। जर्मनी की ओर से जस्टस वारवेग ने 19वें और 56वें मिनट में दो मैदानी गोल किए। वहीं बेन हैशबैक ने 43वें मिनट में और पॉल ग्लेंडर ने 44वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा।

पूल-ए में आयरलैंड और कनाडा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें आयरलैंड ने 4-3 से जीत दर्ज की। वहीं पूल-डी के मैचों में एकतरफा नतीजे देखने को मिले। स्पेन ने मिस्र को 8-0 से हराया, जबकि बेल्जियम ने नामीबिया को 12-1 से मात देकर अपनी ताकत दिखा दी।

ये भी पढ़ें  T20 World Cup : वेस्टइंडीज की बड़ी जीत से बदला समीकरण, आज इंग्लैंड व पाकिस्तान की टक्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button