योगी ने जनरल बिपिन रावत की स्मृति में बना ऑडिटोरियम सौंपा…प्रतिमा का भी अनावरण
सीएम ने कहा सैनिक स्कूल हर साल जनरल का शहादत दिवस मनाए, पिपरौली में 16 करोड़ की लागत से बने राजकीय आईटीआई का लोकार्पण, कई हस्तियां रहीं मौजूद
गोरखपुर, 9 दिसंबर 2025:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर के सैनिक स्कूल में देश के पहले सीडीएस (चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ) स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की स्मृति में बने भव्य ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने जनरल रावत की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह कार्यक्रम उनकी चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर जीबीआर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनरल रावत के जीवन, सैन्य सेवाओं और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। सीएम ने कहा कि अगर युद्धभूमि में बलिदान हो जाओगे तो स्वर्ग का उपभोग करोगे। जीतोगे तो धरती का राज करोगे, जनरल रावत ये बात कहते थे। ये बात एक सैनिक के साथ-साथ हर नागरिक पर लागू होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव में भारतवासियों का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि हमें 100 वर्षों की कार्ययोजना को लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कोई ऐसा भारतीय होगा जो असुरक्षित, कमजोर व गरीब भारत चाहता होगा। सच्चा भारतीय चाहता होगा कि देश आत्मनिर्भर हो, विकसित हो, सुरक्षित भारत हो। अगर इस संकल्पना को पूरा करना होगा तो पंच प्रण का पालन करना होगा।

योगी ने कहा हमने आज जनरल रावत की स्मृति को इस सैनिक स्कूल के साथ जोड़ा है। सैनिक स्कूल का यह दायित्व है कि हर वर्ष 8 दिसंबर को जनरल बिपिन रावत और उनके साथ जिन्होंने शहादत को प्राप्त किया। उन सबकी एक स्मृति दिवस को आयोजित कर हमारे कैडेट्स के मन में राष्ट्रभक्ति, जीवन के उच्च आदर्श, एक नई प्रेरणा के रूप में स्थापित करें। इतने बड़े पद पर रहने के बावजूद उनकी सहजता बनी थी।
योगी ने कहा जब समाज एक होगा, तब देश का कल्याण होगा। तोड़ने की बहुत कोशिश हुई। जितने भी तोड़क तत्व हैं, ये जब सत्ता में आते हैं तो केवल अपने परिवार के बारे में सोचते हैं। विदेश में संपत्ति बनाते हैं। कोई होटल खरीदता है, कोई द्वीप खरीदता है। भारत को कंगाल करने का षडयंत्र करते हैं। ये लोग वही पाप करते हैं जो कभी जयचंद ने किया था। एक लॉलीपाप से समाज और देश का कल्याण नहीं होने वाला। अनुशासन के बगैर जीवन में दुशासन घुस जता है। अपने जीवन में दुशासन नहीं घुसने देना है।
सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लाखेड़ा, जीबीआर मेमोरियल फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया, फाउंडेशन के सचिव मंजीत नेगी तथा जनरल रावत की पुत्रियां कृतिका और तारिणी रावत उपस्थित रहीं।
सैनिक स्कूल में निर्मित 1000 से अधिक सीटों की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण राज्य सरकार द्वारा सैनिक स्कूल प्रोजेक्ट के तहत कराया गया है। अपने गोरखपुर दौरे के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद पिपरौली ब्लॉक के नरकटहा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के सीएसआर फंड से 16 करोड़ रुपये की लागत से बने नए राजकीय आईटीआई का लोकार्पण किया।
यह नया संस्थान गोरखपुर का 11वां राजकीय आईटीआई है और पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाला तीसरा आईटीआई होगा। सीएम योगी ने कहा कि यह संस्थान युवाओं को तकनीकी शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के अवसर प्रदान करेगा।






