Lucknow City

‘दहेज में पाकिस्तान’ से ‘योगी की भाषाओं’ तक, अटल जयंती पर लखनऊ में राजनीति और कविता का उत्सव

जयंती की पूर्व संध्या पर अटल बिहारी वाजपेयी को रक्षामंत्री राजनाथ व CM योगी ने किया नमन, कवि कुमार विश्वास ने कहा-अटल जी विश्वविद्यालय थे, तो राजनाथ सिंह उसके कुलपति

लखनऊ, 24 दिसंबर 2025:

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर लखनऊ के भव्य कन्वेंशन सेंटर में बुधवार शाम आयोजित एकल काव्य पाठ कार्यक्रम ने साहित्य, राजनीति और स्मृतियों का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्थानीय सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक अतिथियों ने अटल जी की पावन स्मृतियों को नमन किया। उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर ‘अटल महानायक’ पुस्तक का विमोचन किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों पर आधारित प्रथम ई-बुक ‘अतुलनीय अटल जी’ का भी लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अटल जी से जुड़ा एक रोचक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि पाकिस्तान दौरे के दौरान एक महिला ने उनसे मजाकिया अंदाज में शादी के बदले तोहफे में कश्मीर मांग लिया था। इस पर अटल जी ने भी उतनी ही सहजता से उससे दहेज में पाकिस्तान मांग लिया। यह किस्सा सुनकर सभागार ठहाकों से गूंज उठा। राजनाथ ने इस मौके पर अटल जी का चित्र बनाने वाले कलाकार रूपेश सिंह को सम्मानित भी किया।

WhatsApp Image 2025-12-24 at 8.19.20 PM

ये भी पढ़ें:

सीएम योगी ने अटल जी को सच्चे अर्थों में विकास पुरुष बताते हुए कहा कि यह कन्वेंशन सेंटर भी अटल जी की दूरदर्शी सोच की देन है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छह दशकों तक भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और एक कवि, पत्रकार, राजनेता व अभिभावक के रूप में भारतीय जनमानस का मार्गदर्शन किया। योगी ने अटल जी के उस ऐतिहासिक कथन को भी याद किया कि भाजपा से लड़ो, भारत से मत लड़ो और इसे उनकी महान राजनीतिक दृष्टि का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास ने अपने चुटीले अंदाज से माहौल को जीवंत कर दिया। उन्होंने सीएम योगी की बहुभाषी शैली और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के व्यक्तित्व पर रोचक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा-हमारे मुख्यमंत्री जी को बहुत सी भाषा आती हैं, क्योंकि वो कहते हैं कि जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उस भाषा में समझाएंगे।

कुमार विश्वास ने कहा कि अगर अटल जी विश्वविद्यालय थे, तो राजनाथ सिंह उसके कुलपति हैं। इसके बाद उन्होंने काव्य पाठ शुरू किया। भवानी सुन लो राम कहानी… की पंक्तियों पर राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी भी भावविभोर होकर साथ गुनगुनाते नजर आए और सभागार तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम से पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस भव्य आयोजन में प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए और अटल जी की स्मृति को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

ये भी पढ़ें  90 साल पुराने बेटियों के स्कूल पर फिर संकट! ताला खुला तो हाईकोर्ट का नोटिस, छात्राओं-शिक्षकों में बढ़ी चिंता

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button