देवेंद्र प्रताप सिंह
सरोजनी नगर (लखनऊ), 31 दिसंबर 2025:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय ने अपने स्थापना के 15 वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को भव्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों और पैरामेडिकल स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लोकबंधु अस्पताल को अग्रणी श्रेणी का अस्पताल बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में सरकार हर स्तर पर कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगी। समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। UP Secodary School News
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में अस्पताल से जुड़ी एक महत्वपूर्ण घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब एक बार अस्पताल में आग लगने की घटना हुई थी, तब डॉक्टरों और कर्मचारियों ने परिवार की तरह एकजुट होकर मरीजों की जान बचाई। यह सेवा भाव सराहनीय है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों और चिकित्सा कर्मियों का हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा कि इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने पर यह अस्पताल शीघ्र ही उच्च कोटि का चिकित्सा केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन लिक्विड प्लांट, नए रजिस्ट्रेशन काउंटर और मेदांता अस्पताल के सहयोग से स्थापित आईसीयू का विधिवत उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और सम्मानित जनों का स्वागत चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने पुष्प गुच्छ देकर किया। समारोह में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. रत्नपाल सिंह सुमन, महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. पवन कुमार अरुण, महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ. हरिदास अग्रवाल, अन्य निदेशकगण, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में अस्पताल की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में अस्पताल के 15 वर्ष पूरे होना पूरे स्टाफ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की मेहनत के कारण ही लोकबंधु अस्पताल को कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं। अस्पताल लगातार गुणवत्ता युक्त चिकित्सा सेवाएं देकर अपनी अलग पहचान बना रहा है।

स्थापना दिवस के अवसर पर कायाकल्प सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023-24 में लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय को प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था। इस उपलब्धि के लिए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी कर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ, हाउसकीपिंग और सुरक्षा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अस्पताल परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सीएसआर के तहत सहयोग करने वाली कंपनियों को भी सम्मानित किया गया। इंडिया पेस्टिसाइड लिमिटेड के प्रतिनिधि अविनाश शुक्ला और मेदांता की ओर से जुड़े प्रतिनिधियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।






