Lucknow CityNational

डीएम की पाठशाला : 9 हजार बेटियों के घर जलेगा ज्ञान का दीप, विद्यादायिनी पोटली से शिक्षा को नई उड़ान

बेटी बचाओ बेटी-पढ़ाओ हर बेटी तक पहुंचाने की अनोखी पहल, लखीमपुर खीरी में डीएम और जन प्रतिनिधियों ने 9 हजार बेटियों को सौंपी विद्यादायिनी पोटली, वाल ऑफ ड्रीम्स में सजे बेटियों के सपने

लखनऊ/लखीमपुर खीरी, 20 जनवरी 2026:

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए लखीमपुर खीरी जिला प्रशासन ने एक अभिनव और प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की है। इस पहल का नाम डीएम खीरी की पाठशाला है। इसका उद्देश्य जिले की बेटियों की पढ़ाई को केवल स्कूल की चारदीवारी तक सीमित न रखकर उनके घरों तक शिक्षा का उजाला पहुंचाना है।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, राजापुर में सोमवार को आयोजित भव्य मेगा इवेंट में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और जनप्रतिनिधियों ने परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की 9,000 छात्राओं को ‘विद्यादायिनी पोटली’ वितरित की। इस पोटली में व्हाइट बोर्ड कम स्टडी टेबल, मार्कर, डस्टर सहित अन्य शैक्षिक सामग्री शामिल है। इससे बेटियां घर पर भी बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकेंगी।

WhatsApp Image 2026-01-20 at 10.56.14 AM

ये भी पढ़ें:

डीएम ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बेटियों को घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराना है जिससे वे अपने घर में ही एक छोटी-सी पाठशाला स्थापित कर सकें। इससे न केवल उनकी शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि जब बेटियां घर पर भी नियमित अध्ययन करेंगी तभी उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत होगी।

Advertisement

पहले चरण में 9 हजार बेटियों को यह पोटली प्रदान की गई है। इनमें परिषदीय विद्यालयों की कक्षा 6, 7 और 8 की 6,798 टॉपर छात्राएं, ‘वाल ऑफ ड्रीम्स’ के लिए चयनित 51 छात्राएं तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 2,151 छात्राएं शामिल हैं। इन पोटलियों को लगभग 19 लाख 80 हजार रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रशासन ने इसे डबल इंजन सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विजन को आगे बढ़ाने का ठोस कदम बताया।

मेगा इवेंट में ‘वाल ऑफ ड्रीम्स’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। छात्राओं ने अपने भविष्य के सपनों को रंग-बिरंगे पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इनमें से चुनिंदा पोस्टरों को वाल ऑफ ड्रीम्स पर स्थान दिया गया। यह दीवार बेटियों की आकांक्षाओं और आत्मविश्वास का प्रतीक बनी।

विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि डीएम की दूरदर्शी सोच और सक्रिय नेतृत्व ने बेटियों की शिक्षा को नई दिशा दी है। यह पहल हर छात्रा के घर में ज्ञान का दीप जलाने का माध्यम बनेगी। कार्यक्रम में विधायक योगेश वर्मा, शशांक वर्मा, सौरभ सिंह, लोकेंद्र प्रताप सिंह और रोमी साहनी ने भी छात्राओं को विद्यादायिनी पोटली वितरित की। पोटली पाकर बेटियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक साफ दिखाई दी।

ये भी पढ़ें  नया साल, नई उमंगें : लखनऊ में मंदिरों से पार्क तक उमड़ी भीड़, जश्न और दर्शन से रौशन हुई पहली सुबह

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link