National

रोजगार मांगने वाले नहीं… देने वाले बनेंगे UP के युवा : CM युवा हेल्पडेस्क में उमड़ा उत्साह

प्रदेश के 25 जनपदों में सीएम युवा हेल्पडेस्क का आयोजन, 1072 इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों ने किया योजना के तहत आवेदन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना व ओडीओपी से जुड़े युवाओं को मिला उद्यमिता का मार्गदर्शन

लखनऊ, 21 जनवरी 2026:

यूपी के युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार ने एक और प्रभावी पहल की है। प्रदेश के 25 जनपदों में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा आयोजित सीएम युवा हेल्पडेस्क कार्यक्रम ने युवाओं में उद्यम स्थापित करने की नई ऊर्जा भर दी। इस कार्यक्रम में यूपीकॉन (UPICON) द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना (VSSY) और एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) प्रशिक्षण कार्यक्रम ने संयुक्त रूप से भागीदारी की।

कार्यक्रम के दौरान हजारों प्रशिक्षित युवाओं ने वित्तीय और औद्योगिक विशेषज्ञों से सीधा संवाद किया। महज कुछ ही घंटों में 1072 प्रशिक्षणार्थियों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना (सीएम युवा योजना) के अंतर्गत आवेदन कर उद्यम शुरू करने में रुचि जताई। यह आंकड़ा प्रदेश में बदलते युवा सोच और सरकार की नीतियों पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

 

यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने बताया कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में आयोजित यह वृहद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि सरकार की योजनाएं अब कागजों से निकलकर जमीनी स्तर पर असर दिखा रही हैं।

गौतमबुद्धनगर, बाराबंकी, बांदा, औरैया सहित 25 जनपदों में आयोजित हेल्पडेस्क में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों और वित्तीय विशेषज्ञों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में युवाओं को आवेदन प्रक्रिया, ऋण सुविधा, पात्रता मानदंड, आवश्यक दस्तावेज और उद्योग शुरू करने से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ओडीओपी के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर सरकार उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रही है। सीएम योगी की आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो रहा है।

ये भी पढ़ें  पद्मश्री रामसरन वर्मा के फॉर्म हाउस पहुंचे विनय कटियार... कृषि और किसानों की समस्याओं पर की चर्चा, दिए ये जरूरी सुझाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button