लखनऊ, 22 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के विकसित क्षेत्र में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) सुल्तानपुर रोड पर विकसित की जा रही बहुप्रतीक्षित आईटी सिटी योजना को 20 फरवरी को लॉन्च करने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत करीब 10 हजार आवासीय भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। उनसे लगभग एक लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के अनुसार आईटी सिटी योजना सुल्तानपुर रोड और किसान पथ से सीधे जुड़ी होगी जिससे यहां रहना और आवागमन दोनों आसान होंगे। करीब 3490 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस योजना में 35 वर्ग मीटर से 288 वर्ग मीटर तक के विभिन्न आकार के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रस्तावित दर के अनुसार जमीन की कीमत लगभग 4000 रुपये प्रति वर्ग फीट रखी गई है।

इस योजना की खास बात यह है कि इसे लैंड पूलिंग मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके तहत किसानों से जमीन लेकर उन्हें उनकी कुल जमीन के बदले 25 प्रतिशत विकसित भूखंड लौटाए जाएंगे। पहले चरण में उन्हीं किसानों को प्लॉट आवंटित किए जाएंगे जिन्होंने योजना के लिए जमीन दी है। जिन किसानों की लैंड पूलिंग प्रक्रिया 27 जनवरी तक पूरी हो जाएगी उन्हें 20 फरवरी को होने वाली लॉटरी में शामिल किया जाएगा।
प्लॉटों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा जो 20 फरवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में होगी। पहले चरण में योजना के सेक्टर 15, 16, 17 और 18 में भूखंड आवंटित किए जाएंगे। अभी तक 275 भूस्वामियों ने 125 एकड़ जमीन एलडीए को सौंपी है। जिन किसानों की लैंड पूलिंग 27 जनवरी के बाद पूरी होगी उन्हें दूसरे चरण में लॉटरी से प्लॉट दिए जाएंगे। लैंड पूलिंग के दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आम लोगों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। उसमें करीब तीन महीने का समय लग सकता है।
आईटी सिटी योजना में बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़ नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा गांव शामिल हैं। योजना को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए 200 एकड़ में ग्रीन बेल्ट, गोल्फ सिटी, 15 एकड़ की वाटर बॉडी और किसान पथ से जोड़ने के लिए दो किलोमीटर लंबी कनेक्टिंग रोड भी बनाई जाएगी। एलडीए की आईटी सिटी योजना लखनऊ के रियल एस्टेट मानचित्र पर एक नया और आकर्षक अध्याय जोड़ने जा रही है।






