Lucknow City

यूपी दिवस पर PM मोदी का संदेश : विकास व विरासत का संगम बन रहा प्रदेश, CM योगी ने पढ़कर सुनाया

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में प्रदेश की विकास यात्रा, सामाजिक कल्याण और भविष्य के संकल्पों पर विस्तार से बात की, कहा- पिछड़ों और वंचितों को प्राथमिकता देने के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश

लखनऊ, 24 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। यह शुभकामना संदेश शनिवार को लखनऊ के बसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित यूपी दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पढ़कर सुनाया। अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सामाजिक कल्याण और भविष्य के संकल्पों पर विस्तार से बात की।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि वह काशी के सांसद हैं और उत्तर प्रदेश की जनता ने उन्हें चुनकर संसद भेजा है। यूपी की मिट्टी में कुछ खास है। यह प्रदेश आज विकास और विरासत दोनों का उत्कृष्ट उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गरीबों के लिए रिकॉर्ड संख्या में आवास बने हैं, जो अंत्योदय के प्रति भाजपा के समर्पण को दर्शाता है। पिछड़ों और वंचितों को प्राथमिकता देने के मंत्र के साथ प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली इस योजना की शुरुआत उन्होंने बलिया से की थी। आज उज्ज्वला योजना गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यूपी दिवस हर नागरिक के लिए नए संकल्प का अवसर है, प्रदेश को विकास के हर पैमाने पर नंबर वन बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना होगा। आत्मनिर्भर भारत अभियान, ग्रीन एनर्जी और मिशन शक्ति में उत्तर प्रदेश को अग्रणी बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनसंख्या की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश की प्रगति देश की प्रगति को भी गति देगी। उन्होंने लिखा कि आज यूपी वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। एक समय था जब दशकों तक परियोजनाएं लटकी रहती थीं और जनता का आत्मविश्वास डगमगा गया था, लेकिन भाजपा सरकार में पुराने प्रोजेक्ट पूरे हो रहे हैं और नए प्रोजेक्ट तेजी से जमीन पर उतर रहे हैं।

पत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के बाद गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा गया कि ये परियोजनाएं यूपी के विकास को नई रफ्तार दे रही हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश जल्द ही 21 हवाई अड्डों वाला राज्य बनने की ओर अग्रसर है। लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या जैसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दुनिया के लिए नए द्वार खोल रहे हैं, जबकि जेवर का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी शीघ्र शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना से लाखों लघु, सूक्ष्म और कुटीर उद्योग सशक्त हुए हैं और मजबूत कानून व्यवस्था के साथ उत्तर प्रदेश आज नई पहचान बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button