लखनऊ, 28 जनवरी 2026:
सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने पत्नी एवं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए अपने विवादित दावों से बुधवार को यू-टर्न ले लिया। इंस्टाग्राम पर पिछले दिनों पत्नी को ‘फैमिली डिस्ट्रॉयर’ बताते हुए तलाक देने का ऐलान करने वाले प्रतीक यादव ने अब उसी प्लेटफॉर्म पर पुरानी पोस्टों का खंडन करते हुए सब कुछ ठीक होने की बात कही है।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक फोटो और एक वीडियो साझा किया। फोटो में वे अपर्णा यादव के साथ नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा…. सब ठीक है। चैंपियंस वे होते हैं जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल प्रॉब्लम को खत्म कर देते हैं। हम चैंपियंस का परिवार हैं। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने यह संकेत देने की कोशिश की कि दोनों के बीच चल रहा विवाद समाप्त हो चुका है।
वहीं, इंस्टाग्राम पर डाले गए वीडियो में प्रतीक यादव कुछ आक्रामक अंदाज में दिखाई दिए।
उन्होंने कहा कि 19 जनवरी को उनके और अपर्णा यादव के बीच एक बड़ा विवाद हुआ था। उसी भावनात्मक स्थिति में उन्होंने सोशल मीडिया पर वह पोस्ट डाली थी। प्रतीक के मुताबिक, अब आपसी बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया गया है और पुरानी पोस्टों को हटा दिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर अपर्णा यादव को ‘A Family Destroyer’ करार दिया था और जल्द तलाक देने का दावा किया था। इस पोस्ट ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में काफी हलचल मचा दी थी।
मालूम हो कि अपर्णा यादव भाजपा नेत्री के साथ वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। वहीं प्रतीक यादव दिवंगत मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं। अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। शादी से पहले दोनों कई साल तक दोस्त रहे थे। यह विवाह उस समय देश की चर्चित शादियों में शामिल रहा जिसमें सैफई में भव्य समारोह आयोजित हुआ था और अनिल अंबानी व अमिताभ बच्चन जैसे कई नामी हस्तियों ने शिरकत की थी।






