मैं चोर नहीं हूं… लिखकर रेस्टोरेंट कर्मी ने दे दी जान, कहा- मेरी मां का ध्यान रखना
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में हुई घटना, 500 रुपये के हिसाब को लेकर स्टाफ से हुआ था विवाद, उसके बाद लगाई गई फटकार से आहत था अंशु
लखनऊ, 1 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक रेस्टोरेंट कर्मचारी ने मानसिक आघात में आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अंशु कश्यप के रूप में हुई है। वह मड़ियांव क्षेत्र में साहू एजेंसी के बगल स्थित गुड बेकर्स रेस्टोरेंट में काम करता था। रविवार को उसका शव रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर बने हॉल में पंखे से लटका मिला। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने इस घटना को और ज्यादा भावुक बना दिया। नोट में अंशु ने खुद को ईमानदार कर्मचारी बताते हुए लिखा… मैं चोर नहीं हूं। ₹500 के हिसाब में अपनी गलती छिपाने के लिए झूठ बोला लेकिन अब मालिक की नजरों में मैं बेईमान साबित हो चुका हूं। बेईमानी और चोरी का दाग लेकर मैं जिंदा नहीं रह सकता।

अंशु ने अपने आखिरी शब्दों में अपनी मां की चिंता भी जताई और लिखा कि मेरी मां का ध्यान रखना तथा दूसरों को चेतावनी दी कि किसी के प्रति ज्यादा लॉयल मत बनना। यह पंक्तियां उसके भीतर चल रहे मानसिक संघर्ष और टूटन को साफ बयां करती हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ₹500 के हिसाब को लेकर अंशु का स्टाफ से विवाद हुआ था। उसके बाद उसे फटकार लगाई गई। इसी बात से वह गहरे आहत था। पुलिस के अनुसार अभी तक किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सुसाइड नोट के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।






