बाराबंकी, 2 फरवरी 2026:
कोतवाली नगर क्षेत्र के नवीन मंडी चौकी अंतर्गत शांति विहार कॉलोनी में चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय शिक्षिका अपने बेटे के साथ विद्यालय गई हुई थीं।
कोतवाली शहर क्षेत्र में शांति विहार कॉलोनी, राजेंद्र नगर नवीन सब्जी मंडी के पीछे बसा है। यहां रहने वाली सीमा सिंह शिक्षिका हैं। उनके दो बेटे हैं। ने कोतवाली नगर में दी गई तहरीर में बताया कि सुबह करीब 8 बजे वह अपने छोटे बेटे अभिज्ञान के साथ विद्यालय चली गई थीं, जबकि बड़ा पुत्र सुबह 9 बजे अपने स्कूल गया था। दोपहर लगभग 3:30 बजे जब वह घर लौटीं तो देखा कि मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था।
घर के भीतर सारा सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारी और संदूक से कीमती आभूषण व नकदी गायब मिली। चोरी गए सामान में लगभग 5 तोला वजन का एक सोने का हार, तीन जोड़ी पायल, एक जोड़ी पाजेब, दो सोने की बालियां, छह सोने के टप्स, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक कमरबंद, चांदी की प्लेट, दो सोने की चेन, छह सोने की अंगूठियां, कान के गहनों का सोने का सुई-धागा और 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।






