Barabanki City

जिला अस्पताल : सीटी स्कैन ठप, तीन दिन से मशीन खराब, बाहर जांच करा रहे मरीज, ढीली हो रही जेब

पुरानी हो चुकी है मशीन, आए दिन होती है खराब, आर्थिक रूप से कमजोर मरीज बाहर भी नहीं करा पाते जांच

बाराबंकी, 7 फरवरी 2026:

जिला अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन बीते तीन दिनों से खराब पड़ी है, जिससे जांच के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मशीन बंद होने के चलते मरीज या तो बिना जांच कराए लौटने को मजबूर हैं या फिर बाहर निजी जांच केंद्रों का रुख कर रहे हैं, जहां उन्हें जेब से मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है।

बताया जा रहा है कि सीटी स्कैन मशीन बृहस्पतिवार को अचानक खराब हो गई थी। शुक्रवार को भी पूरे दिन मशीन चालू नहीं हो सकी। अस्पताल प्रशासन की ओर से मशीन ठीक कराने के लिए इंजीनियर को सूचना दी गई, लेकिन इंजीनियर के न पहुंचने के कारण समस्या जस की तस बनी रही। नतीजतन शनिवार को भी मरीजों को निराशा हाथ लगी।

जिला अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन काफी पुरानी हो चुकी है। इसी वजह से आए दिन तकनीकी खराबी सामने आती रहती है। इसके बावजूद कार्यदायी संस्था और संबंधित जिम्मेदारों की ओर से इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। मशीन खराब होने की जानकारी मिलने पर जांच के लिए पहुंचे मरीजों को वापस कर दिया गया। कई मरीजों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें बाहर जांच करानी पड़ी, जिससे इलाज का खर्च और बढ़ गया।

इस मामले में सीएमएस जेपी मौर्य का कहना है कि मशीन को ठीक कराने के लिए इंजीनियर को बुलाया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक-दो दिन में सीटी स्कैन मशीन दोबारा चालू हो जाएगी। फिलहाल जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा ठप होने से आम मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल जैसी अहम जगह पर इस तरह की लापरवाही से गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर सीधा असर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button