Sitapur City

सिलेंडर में गैस रिसाव से भड़की आग…लपटों से घिरा घर, जिंदा जलकर दम तोड़ बैठा बुजुर्ग

लहरपुर के भवानीपुर गांव में आधी रात हुआ हादसा, अकेले रहने के कारण आग लगने के बाद कोई मदद नहीं मिल सकी

सीतापुर, 11 फरवरी 2026:

लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर में रखे छोटे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक रामनाथ पासी मजदूरी कर गुजारा करते थे और घर में अकेले रहते थे। मंगलवार रात वह खाना बनाने के बाद दरवाजा बंद कर बिस्तर पर लेट गए थे। इसी दौरान कमरे में रखे करीब पांच किलो के छोटे सिलेंडर से गैस लीक होने लगी। कुछ ही देर में कमरे में आग फैल गई। आग इतनी तेज थी कि रामनाथ संभल नहीं सके और लपटों में घिर गए।

आग की सूचना मिलते ही लहरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को भी खबर दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रामनाथ बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

फायर सर्विस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में हादसे की वजह गैस रिसाव लग रही है। चूंकि रामनाथ अकेले रहते थे, इसलिए समय पर किसी को आग लगने की जानकारी नहीं हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button