Sitapur City

कार में मिले खून के निशान व मोबाइल…घर में बैठ फैलाई हत्या व अपहरण की अफवाह, दर्ज होगा केस

हाईवे पर खड़ी मिली कार और सुबह एक घर में दुबके मिले दोनों युवक, रात भर पुलिस करती रही तलाश, एक युवक पर पहले से दर्ज है मारपीट का केस

सीतापुर, 12 फरवरी 2026:

कोतवाली देहात इलाके में देर रात कार सवार दो युवकों के कथित अपहरण और हत्या की खबर फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन स्टेट हाईवे के पास जुट गए और देर रात तक हंगामा चलता रहा। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा। फिलहाल सुबह दोनों सुरक्षित मिले। इसमें एक युवक मारपीट के मुकदमे का आरोपी भी है। अब अफवाह फैलाने का केस दोनों पर दर्ज होगा।

बताया गया कि कोतवाली देहात क्षेत्र में रहने वाले इस्लाम और तहसीम रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे।रास्ते से अचानक लापता हो गए। कुछ देर बाद उनकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली। कार के अंदर खून के धब्बे और एक मोबाइल फोन पड़ा था। यह नजारा देख परिजनों ने अपहरण और हत्या की आशंका जता दी। देखते ही देखते इलाके में सनसनी फैल गई।

WhatsApp Image 2026-02-12 at 12.29.02 PM

ये भी पढ़ें:

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नेहा त्रिपाठी और इंस्पेक्टर अमर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसओजी और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। कार से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया गया। मोबाइल की लोकेशन के जरिए दोनों युवकों को ट्रेस करने की कोशिश शुरू हुई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस्लाम के खिलाफ चार दिन पहले मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस वजह से पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही थी। कई घंटे की तलाश के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को शहर सीमा के पास एक मोहल्ले के घर से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि अपहरण और हत्या की खबर भ्रामक थी। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। झूठी सूचना देकर अफवाह फैलाने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  होली से पहले जेब खाली...मिल मालिक के घर के बाहर धरने पर बैठे मजदूर, बकाया वेतन मांगा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link