Sitapur City

खेत में युवक का कत्ल, सिर साथ ले गए हत्यारे, महिला के पैरों के निशान से उलझी पहेली

संदना के नेवादा खुर्द गांव में खेत के अंदर मिला युवक का अर्धनग्न शव, गर्दन पर पीछे से धारदार हथियार के वार के निशान, मौके पर महिला समेत दो लोगों के पैरों के निशान मिले, कपड़ों से ट्रैक्टर छाप तंबाकू की पुड़िया बरामद, पुलिस को प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका, मृतक की पहचान और लापता सिर की तलाश में जुटी टीमें

सीतापुर, 27 जुलाई 2026:

सीतापुर के संदना इलाके में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। नेवादा खुर्द गांव के पास मूंगफली के खेत में उसका सिर कटा अर्धनग्न धड़ मिला। हत्यारे सिर को अपने साथ ले गए। पुलिस को मौके पर महिला समेत दो लोगों के पैरों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।

खेत में शव देखकर गांव में मची हलचल

नेवादा खुर्द गांव निवासी सूर्यबली सुबह अपने खेत में मूंगफली की फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े सिर कटे शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत गांव लौटकर लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही संदना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को घेरकर जांच शुरू की।

ये भी पढ़ें:

फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने खेत से मिले निशानों और दूसरे साक्ष्यों को जांच के लिए जुटाया। पुलिस अब शव की पहचान करने के साथ गायब सिर को तलाशने में लगी है।

महिला समेत दो लोगों के पैरों के निशान

पुलिस की शुरुआती जांच में खेत के अंदर दो अन्य लोगों के पैरों के निशान मिले हैं। इनमें एक निशान छोटे पैर का है, जिसे महिला का बताया जा रहा है। यह व्यक्ति नंगे पैर था, जबकि दूसरे शख्स के पैरों में जूते होने के निशान मिले हैं। इससे पुलिस को वारदात में कम से कम दो लोगों के शामिल होने का शक है।

पहचान छिपाने के लिए काटा गया सिर

मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। उसने पैंट, अंडरवियर और जूते पहन रखे थे, जबकि शरीर का ऊपरी हिस्सा अर्धनग्न था। गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी चोट के निशान हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक को किसी परिचित के जरिए खेत में बुलाया गया होगा। पीछे से हमला करने के बाद उसकी हत्या की गई। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सिर काटकर साथ ले गए। हालांकि पुलिस अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं कर रही है और दूसरे पहलुओं से भी जांच कर रही है।
sitapur-sandana-beheaded-youth-body-found-police-investigation (2)

कपड़ों से मिली तंबाकू की पुड़िया

मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने उसके कपड़ों की भी तलाशी ली। इस दौरान ट्रैक्टर छाप तंबाकू की एक पुड़िया मिली। इलाके में यह तंबाकू आसानी से मिल जाता है, इसलिए पुलिस को अंदेशा है कि युवक आसपास के क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है। फिलहाल ऐसा कोई पुख्ता दस्तावेज या सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके।

कटा सिर खोजने के लिए चल रहा सर्च अभियान

फिलहाल धड़ को मर्च्युरी में रखा गया है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामले खंगाले जा रहे है। नियमों के तहत पुलिस अभी 72 घंटे शिनाख्त के लिए इंतजार करेगी। इस बीच घटनास्थल के नजदीक बड़े दायरे में सर्च अभियान चलाया जा रहा है इज़के बावजूद कटे सिर का पता नहीं चल सका है। आशंका ये भी है कि कटा सिर किसी नदी या नहर में डाल दिया गया हो। अब सिर्फ शव की पहचान होने का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  सपा प्रवक्ता मनोज यादव बाराबंकी से गिरफ्तार... पत्नी ने लखनऊ में दर्ज कराई थी गुमशुदगी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button