हरदोई, 3 मार्च 2026:
सांडी थाना क्षेत्र में रोडवेज बस को जबरन रोककर दबंगों द्वारा मारपीट की गई। इस घटना का करीब 40 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल है। बस यात्रियों ड्राइवर व कंडक्टर से मारपीट की वजह से अफरातफरी मची रही।
बताया गया कि चौसार से हरदोई जा रही रोडवेज बस के पीछे काफी देर से एक बोलेरो चल रही थी। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि बोलेरो चालक लगातार हॉर्न देकर साइड मांग रहा था, लेकिन बस चालक ने रास्ता नहीं दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
लमकन पुल के पास बोलेरो सवार लोगों ने बस को ओवरटेक किया और हुसेपुर गांव के पास वाहन आगे लगाकर बस को जबरन रुकवा दिया। बस रुकते ही कुछ लोग गाड़ी से उतरकर अंदर घुस गए और चालक व परिचालक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जब बस में बैठे यात्रियों ने बीच बचाव की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। अचानक हुई इस घटना से बस में अफरा तफरी मच गई और यात्रियों में डर का माहौल बन गया। बस चालक शैलेंद्र सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






