Lucknow City

छुट्टी न देने पर अड़ा था अफसर…तंग आकर पैंट खोल दिखाया सर्जरी का घाव, महकमे में मचा हड़कंप

रेल विभाग का मामला, पाइल्स की सर्जरी कराने के बाद लोको पायलट ने लिया था अवकाश, डॉक्टर ने घाव भरने के लिये बताई और आराम की जरूरत, अर्जी नामंजूर होने पर अधिकारी के सामने घाव दिखाए

लखनऊ, 5 मार्च 2026:

राजधानी लखनऊ में रेलवे के एक अफसर की जिद के आगे बेबस हुए लोको पायलट ने छुट्टी बढ़ाने के लिए पैंट उतारकर घाव दिखा दिए। लोको पायलट बार बार डॉक्टर की सलाह की दुहाई देकर पर्चे दिखा रहा था लेकिन अफसर ने अर्जी नामंजूर कर दी। लोको पायलट ने जब आवेदन नामंजूर होने की बात सुनी तो उन्होंने अधिकारी को ऑपरेशन का घाव दिखा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया गया कि नार्दन रेलवे में लोको पायलट राजेश मीणा ने पाइल्स की सर्जरी के लिए एक सप्ताह की छुट्टी ली थी। ऑपरेशन के बाद घाव पूरी तरह नहीं भरने पर डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन और आराम करने की सलाह दी थी। इसी वजह से वह छुट्टी बढ़ाने की अर्जी लेकर चीफ क्रू कंट्रोलर कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारी को मेडिकल रिपोर्ट, दवाइयों के कागज और अन्य दस्तावेज भी दिखाए। इसके बावजूद छुट्टी बढ़ाने की मंजूरी नहीं दी गई। इस पर नाराज होकर उन्होंने अधिकारी के सामने ही पैंट उतार दी और ऑपरेशन का घाव देखने को कहा।

WhatsApp Image 2026-03-05 at 3.30.02 PM

इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो में अफसर के रूखे रवैये को जिसने देखा निंदा की। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के असिस्टेंट सेक्रेटरी जनरल उत्तर जोन आदर्श कुमार गुप्ता ने बताया कि राजेश मीणा ने 22 फरवरी 2026 को लखनऊ में पाइल्स की सर्जरी कराई थी। उन्हें 22 से 28 फरवरी तक सिक लीव दी गई थी। डॉक्टर ने घाव पूरी तरह ठीक न होने के कारण अवकाश बढ़ाने की सलाह दी थी। उनके मुताबिक लोको पायलट ने पहले क्रू कंट्रोलर और बाद में चीफ क्रू कंट्रोलर रतन कुमार से संपर्क किया।

वीडियो में दिख रहा है लोको पायलट राजेश अफसर रतन कुमार की टेबल पर ड्रेसिंग का सामान रख रहा है पर्चे दिखा रहा है। यकीन न होने पर घाव दिखाने की बात कहता है तो रतन कुमार आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग करते हैं। इस मामले पर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। यूनियन का कहना है कि अधिकारी का रवैया ठीक नहीं था और इससे कर्मचारी का अपमान हुआ है। यूनियन ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं नॉर्दर्न रेलवे के लखनऊ डिवीजन के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने इस घटना पर मुंह नहीं खोला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button