Lucknow City

बहरौली में रहस्यमयी पत्थरबाजी से ग्रामीणों में खौफ…शाम ढलते ही घरों पर बरस रहे पत्थर

एक हफ्ते में दो बच्चियां घायल, पुलिस तैनात फिर भी नहीं थमा सिलसिला, 12 अप्रैल से जारी घटनाएं, रात भर जागकर पहरा दे रहे ग्रामीण

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 20 अप्रैल 2026:

राजधानी के नगराम इलाके के बहरौली गांव में पिछले करीब एक हफ्ते से अजीब हालात बने हुए हैं। गांव में शाम होते ही अचानक घरों पर पत्थर गिरने लगते हैं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि 12 अप्रैल से यह सिलसिला शुरू हुआ, जो अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा।

पत्थरबाजी की इन घटनाओं में अब तक दो बच्चियां घायल हो चुकी हैं। रविवार रात करीब 11 बजे अमर सिंह की 12 साल की बेटी किंजल घर के बाहर बरामदे में लेटी थी, तभी अचानक उसके सिर पर पत्थर आ गिरा और वह घायल हो गई। इसी तरह गांव के कल्लू की 7 साल की बेटी जानवी के होंठ पर भी पत्थर लगा, जिससे उसे चोट आई।

ग्रामीणों के मुताबिक शुरुआत में पप्पू के घर के टीन शेड पर पत्थर गिरा था। इसके बाद लगातार अलग-अलग घरों को निशाना बनाया जाने लगा। कई घरों के टीन शेड टूट चुके हैं। लोग कई बार इकट्ठा होकर पत्थर फेंकने वालों की तलाश कर चुके हैं, मगर कोई सुराग नहीं मिला।

Mystery Stone Pelting in Bahrauli Villagers React (1)

घटना को लेकर अमर सिंह की पत्नी सुरेशा ने बताया कि 12 अप्रैल के बाद से हर शाम सात बजे के आसपास अचानक घरों पर पत्थर गिरने लगते हैं और यह सिलसिला रात देर तक चलता रहता है। उन्होंने कहा कि पहले लगा कोई शरारत है लेकिन अब लगातार घटनाएं होने से पूरा परिवार डर के साए में जी रहा है और बच्चों को बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा।

हालात ऐसे हैं कि गांव के कई परिवार अब रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। शाम 7 बजे से लेकर देर रात तक लोग सतर्क रहते हैं, फिर भी अचानक पत्थर गिरने की घटनाएं रुक नहीं रहीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है। शाम से लेकर देर रात तक पुलिस टीम मौके पर मौजूद रहती है। इसके बावजूद पत्थरबाजी जारी रहने से ग्रामीणों में नाराजगी भी है।

नगराम एसओ विवेक चौधरी ने बताया कि 18 अप्रैल को सूचना मिली थी कि बहरौली में एक घर पर ईंट-पत्थर फेंके गए हैं। जांच के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति का पता नहीं चला। शुरुआती जांच में शरारती तत्वों की करतूत लग रही है। गांव में पुलिस ड्यूटी लगा दी गई है, जल्द ही आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button