स्पोर्ट्स डेस्क, 8 मार्च 2026:
टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल रविवार भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। टीम इंडिया के विशाल स्कोर 255 रन का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम फुस्स हो गई। भारत की घातक गेंदबाजी के आगे उसके धड़ाधड़ विकेट गिरते गए और 159 रन ही बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह उसके 96 रन से वर्ल्ड कप जीतने के अरमान पर पानी फिर गया। टीम इंडिया लगातार तीसरी बार टीं20 चैंपियन बन गया। ये 19 साल में पहली दफा है जब कोई मेजबान टीम विश्वविजेता बनी।
भारत इससे पहले 2007 में टूर्नामेंट के पहले संस्करण और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीत चुका था। अब सूर्यकुमार यादव भी विश्व विजेता कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं। यह 19 साल में पहली बार है जब किसी मेजबान टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता है।सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात दी थी।

फाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कीवी टीम ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए स्पिनर कोल मैककॉन्की की जगह जैकब डफी को शामिल किया। वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया।
भारत की तेज शुरुआत, 255 रन का विशाल स्कोर
भारतीय पारी की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने की। दोनों ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 51 रन हो गया। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने फाइनल के इतिहास में नया रिकॉर्ड भी बनाया। टी20 विश्व कप फाइनल में पहली बार किसी ओपनिंग जोड़ी ने 50 से ज्यादा रन की साझेदारी की। इससे पहले 2009 में कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने श्रीलंका के खिलाफ 48 रन की साझेदारी की थी।

आठवें ओवर में भारत को पहला झटका लगा जब रचिन रवींद्र ने अभिषेक शर्मा को विकेटकीपर टिम साइफर्ट के हाथों कैच कराया। अभिषेक ने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। उस समय भारत का स्कोर एक विकेट पर 110 रन था। इसके बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तेज रन बनाए और टीम का स्कोर 11 ओवर में 137 रन तक पहुंचा दिया।
नीशम के ओवर में तीन विकेट
16वें ओवर में जेम्स नीशम ने लगातार तीन विकेट लेकर भारत की रफ्तार थोड़ी धीमी कर दी। उन्होंने पहली गेंद पर संजू सैमसन को कैच कराया। सैमसन ने 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर ईशान किशन 25 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हो गए। आखिरी गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उस समय भारत का स्कोर चार विकेट पर 204 रन था।

इसके बाद हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने पारी को संभाला। हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 26 रन बनाए। भारत ने अंतिम ओवर में 24 रन बटोरे और स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया।
सैमसन का लगातार तीसरा अर्धशतक
संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी अर्धशतकीय पारी खेली थी। टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक लगाने वाले वह तीसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले विराट कोहली ने 2014 और शाहिद अफरीदी ने 2009 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, लड़खड़ाई फिर ढेर हुई
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने गेंदबाजी की शुरुआत की। पहले ओवर में फिन एलेन को जीवनदान मिला जब शिवम दुबे ने उनका कैच छोड़ दिया। हालांकि तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन एलेन को 9 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली गेंद पर रचिन रवींद्र को पवेलियन भेज दिया। रचिन सिर्फ एक रन बना सके। पांचवें ओवर में अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड कर दिया। वह पांच रन ही बना सके। पावरप्ले के अंत तक न्यूजीलैंड ने 52 रन बनाए लेकिन तीन विकेट गंवा दिए।
साइफर्ट की कोशिश भी नाकाम
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने संघर्ष किया और 26 गेंद में दो चौके और पांच छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। लेकिन नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें आउट कर दिया। उस समय टीम का स्कोर पांच विकेट पर 83 रन था। 72 रन के भीतर ही न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और मैच लगभग भारत के पक्ष में झुक गया था।
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
मध्य ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल को 17 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद 16वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने लगातार दो गेंदों पर जेम्स नीशम और मैट हेनरी को बोल्ड कर दिया। न्यूजीलैंड की पारी 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रन से जीत दर्ज कर ली।

फाइनल से पहले रंगारंग कार्यक्रम
फाइनल मुकाबले से पहले नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम भी हुआ। फाल्गुनी पाठक, सुखबीर और अंतरराष्ट्रीय पॉप सिंगर रिकी मार्टिन ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। भारत की इस जीत के साथ ही अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना, जहां टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप का खिताब लगातार तीसरी बार अपने नाम किया।
लखनऊ में टीम इंडिया की जीत का जश्न
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद राजधानी लखनऊ में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। मैच खत्म होते ही शहर के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। मिठाइयां बांटी गईं, गुलाल उड़ाया गया और आतिशबाजी कर जीत की खुशी मनाई गई। जश्न के चलते हजरतगंज क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे यहां ट्रैफिक पूरी तरह जाम हो गया। मैच समाप्त होने से पहले ही कपूरथला और हजरतगंज इलाके में लोगों ने भांगड़े पर डांस करना शुरू कर दिया था। भारत की जीत तय होते ही माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया और युवाओं ने सड़कों पर नाच-गाकर खुशी का इजहार किया। शहर के विभिन्न इलाकों में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी। कई बाजारों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं, जबकि पार्कों में टेंट लगाकर प्रोजेक्टर के माध्यम से मैच का लाइव प्रसारण दिखाया गया।






