Uttar Pradesh

छांगुर जैसे तत्व दोबारा न पनपें… समीक्षा बैठक में CM योगी का सख्त संदेश, नवरात्रि से पहले अलर्ट मोड में सरकार

बलरामपुर में मंडलीय समीक्षा में चैत्र नवरात्रि को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश, देवीपाटन शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा व स्वच्छता पर रहे विशेष जोर, अफसरों को जनप्रतिनिधियों और जनता के साथ संवाद बनाने की हिदायत

लखनऊ/बलरामपुर, 12 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर दौरे के दौरान मंडल की समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीपाटन शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति और भीड़ प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था की जाए। उन्होंने मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने डीएम और एसपी से तैयारियों की पूरी जानकारी भी ली।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि हर थाना क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वॉयड सक्रिय रूप से तैनात रहें। शोहदों, चेन स्नेचरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों की तस्वीरें सार्वजनिक स्थानों और सोशल मीडिया पर भी प्रदर्शित की जाएं जिससे उनमें कानून का भय बना रहे। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि छांगुर जैसे तत्व दोबारा पनपने नहीं चाहिए। इसके लिए ग्राम चौकीदारों को सक्रिय रखने और सभी स्तरों पर सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही जिला मॉनिटरिंग कमेटी की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही।

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे मई तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय को एक प्रमुख रिसर्च सेंटर के रूप में भी विकसित किया जाए। साथ ही निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की सभी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द से जल्द नए सत्र से पढ़ाई शुरू कराने के निर्देश दिए।
सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाली थारू ट्राइब के परिवारों तक सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने पर भी मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बाढ़ से बचाव के लिए अभी से तैयारी शुरू करने, नदियों और पहाड़ी नालों के ड्रेनेज व चैनलाइजेशन कार्य समय पर पूरा करने, महिला सशक्तीकरण योजनाओं जैसे मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इसमें औद्योगिक विकास, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, गो संरक्षण, टीकाकरण, पौधरोपण, रिंग रोड निर्माण और नगर निकायों की पेयजल योजनाओं समेत कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ संवाद बनाए रखें और जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button