स्पोर्ट्स डेस्क, 14 मार्च 2026:
भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव आज शनिवार को वंशिका चड्ढा के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। मसूरी में आयोजित होने वाले इस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों परिवार विवाह स्थल पर पहुंच चुके हैं और प्री-वेडिंग कार्यक्रम भी हो चुके हैं।
बता दें कि शुक्रवार को मेहंदी और संगीत की रस्में आयोजित हुईं। संगीत समारोह में कुलदीप यादव और वंशिका ने परिवार और दोस्तों के साथ डांस किया। इस मौके पर पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और युजवेंद्र चहल भी मौजूद रहे और उन्होंने भी समारोह में हिस्सा लिया। शादी समारोह के लिए होटल को फूलों, रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया गया है। मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भोजन में पारंपरिक व्यंजनों के साथ उत्तराखंड के स्थानीय पकवान भी शामिल किए गए हैं।
समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़े कई खिलाड़ियों और मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के भी खास इंतजाम किए गए हैं और केवल आमंत्रित मेहमानों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। टी20 टीम का हिस्सा रहे रिंकू सिंह भी अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ समारोह में शामिल होने के लिए मसूरी पहुंच चुके हैं। भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। वंशिका ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से पढ़ाई की है और वर्तमान में भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत हैं। विवाह के बाद 17 मार्च को लखनऊ में दोनों का रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।






