Uttar Pradesh

बदायूं डबल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, SSP हटाए गए, चार जिलों के कप्तान समेत 7 IPS अफसरों का तबादला

अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी बनाया गया, बदायूं में दो दिन पूर्व एचपीसीएल के दो अधिकारियों की सनसनीखेज तरीके से कर दी गई थी हत्या

लखनऊ, 14 मार्च 2026:

उत्तर प्रदेश में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद अब आईपीएस अफसरों की तैनाती में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने बदायूं में एचपीसीएल के दो अधिकारियों की सनसनीखेज हत्या के मामले में कड़ा कदम उठाते हुए वहां के एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह को पद से हटा दिया है। इसके साथ ही सरकार ने चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों समेत सात आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।

तबादला आदेश के मुताबिक एसएसपी बदायूं डॉ. बृजेश कुमार सिंह को हटाकर एसपी लॉजिस्टिक्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बदायूं में 12 मार्च को एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में डीजीएम सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की सनसनीखेज तरीके से हत्या के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस सनसनीखेज वारदात ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे।

Budaun Double Murder SSP Removed from Position (1)

हालांकि पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर समीक्षा के बाद बदायूं के एसएसपी को हटाने का फैसला लिया गया।

सरकार ने एसपी कासगंज अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी नियुक्त किया है। वहीं एसपी फतेहपुर अनुप कुमार सिंह को डीजीपी मुख्यालय से सम्बद्ध किया गया है। एसपी भदोही अभिमन्यु मांगलिक को फतेहपुर का नया एसपी बनाया गया है।

इसके अलावा एसपी लॉजिस्टिक्स ओम प्रकाश सिंह (प्रथम) को कासगंज का एसपी नियुक्त किया गया है। गोरखपुर में एएसपी नगर के पद पर तैनात अभिनव त्यागी को भदोही का एसपी बनाया गया है। वहीं गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में एडीसीपी के पद पर तैनात पाटिल निमिष दशरथ को गोरखपुर का एएसपी नगर बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button