Lucknow City

रसोई गैस किल्लत पर सपा छात्र सभा का अनोखा विरोध, लखनऊ में विधान भवन के पास बांटे उपले

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका, मौके पर मिले उपलों को जब्त कर लिया, हिरासत में लिए गए तीन प्रदर्शनकारी

लखनऊ, 15 मार्च 2026:

रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्षी दल लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। इसी क्रम में रविवार को राजधानी लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। विधान भवन के पास बापू भवन चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने जमीन पर बैठकर ढेर सारे उपले (कंडे) रखे और ‘उपले ले लो, उपले ले लो’ की आवाज लगाते हुए प्रतीकात्मक रूप से लोगों को बांटना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस आम जनता की पहुंच से बाहर हो रही है। सिलेंडर की किल्लत बढ़ रही है। ऐसे में गरीब और आम लोगों के लिए चूल्हे पर खाना बनाना ही विकल्प बचता है। समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिलेंडर की कीमत और उपलब्धता को लेकर आम जनता परेशान है लेकिन सरकार को गरीबों की चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के ‘अच्छे दिनों’ में अब लोगों के किचन से सिलेंडर गायब हो गए हैं।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि विरोध के तौर पर वे विधानसभा के पास निशुल्क उपले बांट रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अपने गांव के लोगों से उपले तैयार करवाए हैं और गांव से लाकर शहर में बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास उपलों का पर्याप्त स्टॉक है और वे रोज गांव से उपले लाकर शहर में बांटेंगे ताकि कोई भी भूखा न रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता भूख और महंगाई से जूझ रही है।

छात्र नेता प्रवेश यादव ने कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और एजेंसियां सीमित स्टॉक की बात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हॉस्टल और किराये के कमरों में रहने वाले छात्रों की स्थिति और भी खराब है। ऐसे में छात्र लकड़ी या कंडे की व्यवस्था करने को मजबूर हो रहे हैं।

इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उपले बांटने से रोक दिया। पुलिस ने तीन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और मौके पर मौजूद उपलों को भी जब्त कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने और उपले छीनने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button