धामी ने 63 सफाई निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र… कूड़ा निस्तारण वाहनों को दिखाई हरी झंडी
शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का भी वर्चुअल शिलान्यास, 62 करोड़ से होगा निर्माण, नगर निकायों की भूमिका को बताया अहम
योगेंद्र मलिक
देहरादून, 16 मार्च 2026:
देहरादून में मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहरी विकास विभाग में चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। कार्यक्रम के दौरान कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही करीब 62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में करीब 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन की नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उम्मीद है कि सभी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे। राज्य गठन के समय प्रदेश में 63 नगर निकाय थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 108 हो गई है। इनमें 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत शामिल हैं। शहरों का विस्तार और बढ़ती गतिविधियां दिखाती हैं कि शहरी क्षेत्रों का महत्व लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि शहरों को साफ और व्यवस्थित बनाए रखने में नगर निकायों की अहम भूमिका है। कूड़ा प्रबंधन से लेकर नागरिकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं तक की जिम्मेदारी इन्हीं संस्थाओं पर होती है। सफाई निरीक्षक इस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। पिछले कुछ वर्षों में नगर निकायों की व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इनमें 63 अधिशासी अधिकारी, 22 कर और राजस्व निरीक्षक और 32 अवर अभियंता शामिल हैं। अब 63 सफाई निरीक्षकों की नियुक्ति से व्यवस्था और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था और पर्यटन का बड़ा केंद्र है। चारधाम और गंगा-यमुना के तीर्थों में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अगले महीने चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है और वर्ष 2027 में कुंभ मेले का आयोजन भी होना है। ऐसे समय में शहरों और तीर्थस्थलों की साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत रखना जरूरी है। कार्यक्रम में खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर समेत कई जनप्रतिनिधि व अफसर मौजूद रहे।






