दुलारमऊ में 418 घरों तक पहुंचेगा साफ पानी… विधायक जयदेवी ने किया टंकी का लोकार्पण
मलिहाबाद ब्लॉक की दुलारमऊ ग्राम पंचायत में सबसे पहले पूरी हुई जल जीवन मिशन की योजना, सोलर सिस्टम से चलेगा पंप
मलिहाबाद (लखनऊ), 16 मार्च 2026:
राजधानी स्थित मलिहाबाद क्षेत्र के दुलारमऊ गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी पेयजल टंकी का लोकार्पण किया गया। जल अर्पण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों की मौजूदगी में योजना की शुरुआत की गई। दुलारमऊ को मलिहाबाद विधानसभा की आदर्श पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। ब्लॉक स्तर पर यह योजना सबसे पहले यहीं पूरी हुई है।
कार्यक्रम में मलिहाबाद विधायक जयदेवी कौशल और ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा ने ग्रामीणों से पानी बचाने और व्यवस्था को ठीक से चलाने में सहयोग करने की अपील की। ग्रामीण इलाकों में आमतौर पर हैंडपंप का पानी 150 से 200 फीट की गहराई से निकलता है। जल जीवन मिशन के तहत बनी टंकी में पानी करीब 500 से 800 फीट गहराई से निकाला जा रहा है। ज्यादा गहराई का पानी साफ माना जाता है। इससे पानी से फैलने वाली बीमारियों में कमी भी आएगी।

टंकी की क्षमता एक लाख लीटर, सोलर पैनल से चलेगा पूरा सिस्टम
ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह ट्यूबवेल आधारित परियोजना है। यहां करीब एक लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी लगाई गई है। करीब 850 मीटर पाइपलाइन बिछाकर 418 घरों तक साफ पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पूरा सिस्टम सोलर पैनल से चलता है। इसकी लागत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। व्यवस्था पूरी तरह ऑटोमेटिक है। सुबह 7 से 9 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक पानी का वाल्व अपने आप खुलता और बंद होता है। टंकी में सेंसर लगाए गए हैं, जिससे पानी भरने पर मोटर अपने आप बंद हो जाती है और ओवरफ्लो नहीं होता। मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 149 नलकूप लगाए जा रहे हैं। इन सभी पर सोलर यूनिट लगाई जा रही है। क्षेत्र में 129 पानी की टंकियां बननी हैं, जिनमें से करीब आधे काम पूरे हो चुके हैं।






