IPL 2026 में नए विदेशी चेहरों पर दांव…इन छह खिलाड़ियों को पहली बार मिला कॉन्ट्रैक्ट
पहली बार लीग में उतरे खिलाड़ी, कुछ ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पहले ही दिखाया दम, आक्रामक स्टाइल से बदल सकते हैं मैच का रुख
स्पोर्ट्स डेस्क, 20 मार्च 2026:
IPL 2026 शुरू होने से पहले इस बार कुछ नए विदेशी खिलाड़ियों पर खास नजर है, जिन्हें पहली बार कॉन्ट्रैक्ट मिला है। टीम इन खिलाड़ियों को भविष्य के मैच विनर के तौर पर देख रही है।
पहली बार कांट्रैक्ट पाने वाले छह विदेशी खिलाड़ियों में बेन डकेट और पथुम निसांका को दिल्ली कैपिटल्स ने मौका दिया है। जैकब डफी और जॉर्डन कॉक्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा बने हैं। वहीं कूपर कोनोली को पंजाब किंग्स ने चुना है, जबकि जैक फॉक्स चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हैं।

इंग्लैंड के बेन डकेट को दिल्ली कैपिटल्स ने अपने साथ जोड़ा है। वह तेज खेलने वाले बल्लेबाज हैं और टॉप ऑर्डर में टीम को तेज शुरुआत दे सकते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी पहले ही चर्चा में रही है। श्रीलंका के पथुम निसांका भी पहली बार लीग में उतरेंगे। दिल्ली ने ही उन्हें मौका दिया है। निसांका को लंबे समय तक टिककर खेलने वाला बल्लेबाज माना जाता है, ऐसे में वह टीम की ओपनिंग की दिक्कत दूर कर सकते हैं।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टीम में शामिल किया है। स्विंग गेंदबाजी उनकी ताकत है और जरूरत पड़ने पर वह पावरप्ले में असर डाल सकते हैं।
इंग्लैंड के जॉर्डन कॉक्स भी इस बार पहली बार आईपीएल खेलते नजर आ सकते हैं। आरसीबी ने उन्हें मिडिल ऑर्डर के लिए चुना है। विकेटकीपिंग के साथ वह तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं। ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली को पंजाब किंग्स ने मौका दिया है। टीम उन्हें फिनिशर की भूमिका में देख रही है। दबाव में खेलना उनकी खासियत मानी जाती है।

वहीं न्यूजीलैंड के जैक फॉक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ा है। वह ऑलराउंड विकल्प के तौर पर टीम को संतुलन दे सकते हैं। टीमों का मानना है इन खिलाड़ियों के लिए यह सीजन बड़ा मौका है, जहां अच्छा प्रदर्शन उन्हें लीग में आगे मजबूत पहचान दिला सकता है।







