Sports

टी-20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर… भारत में खेलने से बांग्लादेश का इनकार, अगर ऐसा होता है तो किसको मिलेगा मौका?

बांग्लादेश ने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 खेलने से इनकार कर दिया है, जबकि ICC ने वेन्यू और ग्रुप बदलने की उसकी मांग खारिज कर दी। अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है तो स्कॉटलैंड को मौका मिल सकता है

खेल डेस्क, 22 जनवरी 2026:

बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार कर दिया है। नेशनल टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ बैठक के बाद खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि टीम वर्ल्ड कप खेलना चाहती है, लेकिन भारत में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। इसी वजह से यह कठिन फैसला लिया गया।

ICC से दोबारा बातचीत करेगा BCB

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा कि BCB इस मुद्दे पर ICC से फिर संवाद करेगा। उन्होंने बताया कि हालिया ICC बोर्ड मीटिंग में लिए गए कुछ फैसले चौंकाने वाले रहे। बांग्लादेश अपनी चिंताओं को लेकर बातचीत जारी रखेगा और ICC से संपर्क नहीं तोड़ेगा।

WhatsApp Image 2026-01-22 at 5.13.28 PM

ICC ने वेन्यू और ग्रुप बदलने की मांग ठुकराई

21 जनवरी को ICC ने बांग्लादेश को भारत में खेलने पर अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन की मोहलत दी थी। इससे पहले ICC बोर्ड मीटिंग में BCB की वेन्यू बदलने और भारत की जगह श्रीलंका में मैच कराने की मांग खारिज कर दी गई थी। इसके साथ ही ICC ने ग्रुप बदलने का प्रस्ताव भी नामंजूर कर दिया और भरोसा दिलाया कि बांग्लादेश टीम को कोई विशेष सुरक्षा खतरा नहीं है।

स्कॉटलैंड को मिल सकता है वर्ल्ड कप में मौका

बांग्लादेश के हटने के बाद स्कॉटलैंड को टी-20 वर्ल्ड कप में जगह मिलने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ICC रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को मौका मिल सकता है, जैसा कि 2009 में जिम्बाब्वे के हटने पर हुआ था।

वर्ल्ड कप से हटने के कई नुकसान

टी-20 वर्ल्ड कप से हटने पर बांग्लादेश को कई स्तरों पर नुकसान हो सकता है। ICC रैंकिंग में टीम और खिलाड़ियों के अंक प्रभावित होंगे। भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंध खराब हो सकते हैं और भविष्य में द्विपक्षीय सीरीज पर असर पड़ सकता है। IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर प्रतिबंध की आशंका भी जताई जा रही है। इसके अलावा BCB को ICC से मिलने वाली करीब 5 लाख अमेरिकी डॉलर की भागीदारी राशि, खिलाड़ियों की मैच फीस और पुरस्कार राशि का भी नुकसान होगा। पूर्व कप्तान तमीम इकबाल पहले ही इस फैसले को भविष्य के लिए नुकसानदायक बता चुके हैं।

शेड्यूल, ग्रुप विवाद और IPL विवाद

टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाना है। बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया था, जहां उसके तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई में होना था। BCB ने ग्रुप-बी में शिफ्ट करने की मांग की थी ताकि सभी मैच श्रीलंका में खेले जा सकें, लेकिन इसे भी खारिज कर दिया गया। वहीं, बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के मामलों के बाद मुस्तफिजुर रहमान को IPL में खेलने की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद बांग्लादेश में IPL प्रसारण पर रोक लगाई गई और सुरक्षा का मुद्दा और गहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button