लखनऊ, 23 मार्च 2026:
बलिदान दिवस के मौके पर महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने उन्हें नमन करते हुए उनके साहस और देशभक्ति को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि क्रांति की मशाल जलाने वाले इन अमर बलिदानियों का त्याग भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना हमेशा देश को राष्ट्र सर्वोपरि की राह दिखाती रहेगी। उन्होंने बलिदान दिवस पर तीनों शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि दी।

समाजवादी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक अकाउंट से संदेश जारी कर कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान देशभक्ति की ऐसी मिसाल है, जो हर दौर में प्रेरणा देती रहेगी। पार्टी ने तीनों क्रांतिकारियों को शत-शत नमन किया।
कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर भावनात्मक पंक्तियों के साथ श्रद्धांजलि दी। पार्टी ने लिखा कि उनका बलिदान आज भी हर भारतीय के खून में जोश भरता है। साथ ही इंकलाब जिंदाबाद का नारा दोहराते हुए उन्हें याद किया गया। आम आदमी पार्टी ने भी अपने संदेश में कहा कि देश की आजादी के लिए सब कुछ कुर्बान करने वाले इन महान क्रांतिकारियों को शहीदी दिवस पर सादर श्रद्धांजलि।







