Gorakhpur

पूर्व मंत्री का कोल्ड स्टोरेज धमाके के बाद ढहा…कई मजदूर मलबे में दबे, नौ शव निकाले गए

अमोनिया गैस का टैंकर फटने की आशंका, गैस फैलने से मचा हड़कंप, एक किमी तक असर, रेस्क्यू जारी, कई घायलों को अस्पताल भेजा गया, मैनेजर हिरासत में, गुस्साई भीड़ ने पुलिस और एंबुलेंस को रोका

प्रयागराज, 23 मार्च 2026:

प्रयागराज के गंगापार फाफामऊ इलाके में लखनऊ रोड पर चंदापुर गांव के सामने स्थित सपा के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोर में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के वक्त अंदर काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। करीब 20 लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव कार्य शुरू होने के बाद नौ शव निकाले जा चुके हैं।

इस हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया ये भी जा रहा है कि अमोनिया गैस से भरे टैंक के फटने से कोल्ड स्टोरेज की छत गिर गई। वहीं ये भी कहा जा रहा कि जर्जर छज्जा गैस की पाइप लाइन पर गिर गया। गैस की तेज बदबू के चलते लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर इधर-उधर भागते नजर आए। करीब एक किलोमीटर तक इसका असर रहा। प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया। SDRF और NDRF की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। कई मजदूर झुलसे और घायल अवस्था में शहर के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन)अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

WhatsApp Image 2026-03-23 at 5.26.19 PM

अब तक कई घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों ने बताया कि हादसा लंच के वक्त हुआ, जब मजदूर खाना खाकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान बिल्डिंग का बड़ा हिस्सा गिर गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत की बात कही जा रही है। इनमें 32 वर्षीय ज्योतिष सहरसा बिहार और दूसरा 44 वर्षीय जगदीश प्रयागराज के फाफामऊ स्थित मलाका के चंदापुर गांव का रहने वाला है।

मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा लिया। कमिश्नर ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और इसके बाद ही सही आंकड़े सामने आएंगे। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भी देखने को मिला। कुछ देर के लिए भीड़ ने एंबुलेंस को रोक लिया, जिसे पुलिस ने समझाकर हटाया।

WhatsApp Image 2026-03-23 at 5.26.21 PM

पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज काफी बड़े क्षेत्र में फैला है और यहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button