Gorakhpur

बेटी की शादी कर लौट रहा परिवार हादसे में खत्म…पालतू कुत्ते व दो ड्राइवर की भी जान गई

गोरखपुर से शादी करने रांची गया था परिवार, मां-पिता व भाई ने दम तोड़ा, तड़के 3 बजे हाईवे पर हुआ हादसा, ड्राइवर को झपकी आने की आशंका, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव, सीएम ने हादसे पर शोक जताया

मऊ/गोरखपुर, 25 अप्रैल 2026:

मऊ जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत पांच की जान चली गई। परिवार रांची से बेटी की शादी कराकर गोरखपुर लौट रहा था। हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र में हुआ, जहां स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दर्दनाक सड़क हादसे पर शोक संवेदना व्यक्त की है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन बुरी तरह पिचक गया और उसके हिस्से हाईवे पर दूर तक बिखर गए। हादसे में विनय श्रीवास्तव 53, उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव 48 और बेटे कृतार्थ 27 की मौत हुई। तीनों गोरखपुर के खोराबार सुभाष नगर इलाके के रहने वाले थे। इनके साथ गाड़ी चला रहे दो ड्राइवर नीतीश कुमार 20 और पुरुषोत्तम कुमार 28, दोनों निवासी गया, बिहार की भी जान चली गई। परिवार के साथ मौजूद पालतू कुत्ता भी हादसे में नहीं बच सका।

Tragic Accident Family Dies in Road Mishap (1)

ये भी पढ़ें:

विनय श्रीवास्तव की बेटी की शादी 20 अप्रैल को रांची में हुई थी। शादी के बाद परिवार 24 अप्रैल को किराए की स्कॉर्पियो से गोरखपुर के लिए निकला था। लंबा सफर होने की वजह से दो ड्राइवर साथ थे। हादसे के वक्त गाड़ी करीब 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर पुरुषोत्तम को झपकी आ गई, जिससे गाड़ी डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद ट्रेलर स्कॉर्पियो को कई मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने जोरदार आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग अंदर फंसे थे। हालत ऐसी थी कि शवों को निकालना मुश्किल हो गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से गाड़ी काटी गई और ट्रैक्टर की मदद से उसे ट्रेलर से अलग किया गया, तब शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  गोरखपुर में गोलियों की गूंज... पुलिस एनकाउंटर में दो शातिर हुए लंगड़े, तीन और दबोचे गए

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link