Uttar Pradesh

UP के गाजीपुर कांड पर सियासत तेज : बेटियां असुरक्षित क्यों? राहुल गांधी का योगी-मोदी पर हमला

किशोरी से दुष्कर्म व हत्या के मामले में विपक्ष का तीखा वार, प्रियंका गांधी ने भी उठाए सवाल, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026:

यूपी के गाजीपुर में किशोरी के साथ दुष्कर्म और हत्या की सनसनीखेज घटना ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर विपक्षी दल लगातार हमलावर हैं। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां दी गईं और क्षेत्र में भय का माहौल बनाया गया। उन्होंने इस घटना को हाथरस, कठुआ और उन्नाव जैसी घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि यह संयोग नहीं बल्कि एक पैटर्न है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि हर बार पीड़ित दलित, पिछड़े या गरीब परिवार से होता है और अपराधियों को संरक्षण मिलता है जबकि पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित किया जाता है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी और सीएम योगी से सवाल किया कि उनके शासन में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, उच्चस्तरीय जांच और त्वरित न्याय की मांग की। वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावे केवल दिखावा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भी पहले एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल की गई और पीड़ित परिवार को धमकियां दी गईं। प्रियंका ने कहा कि भाजपा शासन में अक्सर पीड़िता को ही प्रताड़ना झेलनी पड़ती है।

दूसरी तरफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियोंके अनुसार 14-15 अप्रैल की रात कटेरिया गांव से किशोरी लापता हुई थी। उसका शव अगली सुबह गंगा नदी पुल के पास बरामद हुआ। परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इस घटना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  यमराज भी आ जाएं तो नहीं मिलती थीं फाइलें... CM योगी का पुरानी व्यवस्था पर बड़ा हमला

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link